मंगलसूत्र लूटकांड के दो आरोपित गिरफ्तार

मंगलसूत्र और बाइक बरामद

हमीरपुर, 19 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले मे चिकासी थाना क्षेत्र के मंगरौंठ मोड़ पर अज्ञात बदमाशों ने बाइक सवार महिला के गले में पड़ा मंगलसूत्र लूट कर ले गए थे। शुक्रवार को चिकासी पुलिस ने घटना का खुलासा करते हुए दो आरोपियों काे गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की। पुलिस ने आरोपियों के पास से मंगलसूत्र और बाइक बरामद की है।

बता दें कि मंगरौंठ निवासी अमित कुमार पुत्र मूलचन्द्र अपनी पत्नी शिवानी के साथ बाइक से गांव लौट रहे थे। मंगरौंठ मोड़ के पास एक बाइक पर सवार तीन बदमाश उनके पास पहुंचे और शिवानी के गले से सोने का मंगलसूत्र झपटकर फरार हो गए थे। पीड़ित की शिकायत पर चिकासी पुलिस ने बरगढ़ मोड़ के पास से लूटकांड के आरोपित कपिल सेन पुत्र संतोष निवासी ग्राम बुड़ौरा, थाना पनवाड़ी जनपद महोबा तथा प्रहलाद उर्फ पहलवान अहिरवार पुत्र देवीदीन निवासी ग्राम सेना थाना राठ को गिरफ्तार कर लिया। थानाध्यक्ष मयंक चंदेल ने बताया आरोपियों के पास से मंगलसूत्र और बाइक बरामद की गई है। पुलिस ने आरोपियों को जेल भेज दिया।

---------------

   

सम्बंधित खबर