जींद में अंडरपास निर्माण से दरकी मिट्टी,घरों में कैद हुए सैकड़ों लोग
- Admin Admin
- Feb 22, 2025

घरों के आगे बनी कई फुट गहरी खाई
जींद, 22 फ़रवरी (हि.स.)। भिवानी रोड पर अंडरपास के निर्माण में लगातार हो रही देरी आमजन को भारी पडऩे लगी है। पिछले एक साल से यहां निर्माण कार्य चला हुआ है लेकिन पूरा होने का नाम नही ले रहा है। शुक्रवार को यहां उस समय बडा हादसा टल गया जब मकान के निकट अंडरपास की मिट्टी अचानक से खिसक गई। गनीमत यह रही कि उस समय लेबर काम नही कर रही थी। शनिवार को उम्मीद थी कि अधिकारी मौके पर पहुंच कर मुआयना करेंगे लेकिन ऐसा नही हो पाया। जिस पर आसपास कालोनी के लोगों ने रोष जताया है।
भिवानी रोड निवासी राजकुमार, सुनीता, भतेरी, रामफल, ने बताया कि यहां मकानों के आगे 30 से 40 फीट गहरी खाई बनी हुई। लोग आवागमन के लिए सीढ़ी का प्रयोग कर रहे हैं। जब से यहां मिट्टी खिसकी है तब से लोग दहशत में हैं। धीरे-धीरे जमीन खिसकने से उनके मकानों में बड़ी-बड़ी दरारें आ रही हैं। जिसके चलते उन्हें मकानों में भी रहने में डर लगने लगा है। 24 घंटे से पशु घरों में कैद होकर रह गए हैंं, जो बुजुर्ग बाहर थे वो अंदर नहीं आ पा रहे। जो अंदर थे वो बाहर नहीं आ पा रहे हैं। 75 साल की एक बुजुर्ग महिला भतेरी ने बताया कि वह 24 घंटे से घर से बाहर है।
लोगों की आवाज बुलंद कर रहे जींद विकास संगठन के अध्यक्ष डा. राजकुमार गोयल ने कहा कि लोगों को घरों में आने जाने के लिए सीढिय़ों का सहारा लगाना पड़ रहा है। एक एक सीढ़ी से काम नहीं चल रहा। 30-30, 40-40 फीट गहरी खाई होने की वजह से एक एक सीढ़ी के साथ अतिरिक्त सीढ़ी बांधनी पड रही है। ऐसी ऊंची सीढिय़ों से आना जाना खतरों से भरा है। डीसी मोहम्मद इमरान रजा को चाहिए कि वो इस मामले में जरूर हस्तक्षेप करें।
डीसी को इस मामले की किसी मजिस्ट्रेट लेवल के अधिकारी से जांच करवानी चाहिए और आरोपित अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ उचित कार्रवाई करनी चाहिए। जो लोग पीडि़त हैं उन्हे इमरजेंसी सेवाएं दी जानी चाहिएं। घरों में आने जाने के रास्ते का तुरंत प्रभाव से प्रबंध कराया जाना चाहिए। जो मवेशी अंदर रुके हुए हैं, उनकी संभाल करनी चाहिए। जो बुजुर्ग बेचारे बाहर हैं, और अंदर नहीं जा पा रहे उनकी व उनके परिवारों की भी संभाल की जानी चाहिए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा