जींद : विदेशी नंबर से काल करके नाबालिग से मांगी 15 लाख की चौथ

शहर थाना सफीदों।


जींद, 10 जून । सफीदों शहर के वार्ड 11 की गीता कालोनी में एक नाबालिग को विदेशी नंबर से काल कर 15 लाख रुपये की चौथ मांगी गई। चौथ मांगने की सूचना मिलते ही डीएसपी गौरव शर्मा सहित अन्य पुलिस टीमें मौके पर पहुंची और जांच की। फिलहाल पीडि़त के घर के पास सुरक्षा व्यवस्था को बढा दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

सफीदों स्थित वार्ड 11 निवासी राकेश शर्मा ने शहर थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि गत सात जून की शाम छह बजे उनके बेटे के मोबाइल फोन पर वहाट्सअप के जरिये विदेशी नंबर से कॉल आई और कॉल करने वाले ने 15 लाख रुपये की चौथ मांगी। चौथ राशि न देने पर उसे जान से मारने की धमकी दी। जिस से परिवार डर के साये में आ गया है। इसे लेकर एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। जिसमें चौथ मांगने वाली की रिकोर्डिंग है। जिसमें चौथ मांगने वाला डराने वाले लहजे में चौथ की राशि मांग रहा है। दो दिन का समय है, हमारा काम कर दे नहीं तो बहुत बुरा होगा जैसी बात बोली गई है।

बुधवार को जानकारी देते हुए शहर थाना सफीदों प्रभारी राजकुमार राणा ने बताया कि वहाट्सअप कॉल के जरिये 15 लाख रुपये की रंगदारी मांगने की शिकायत मिली है। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है। मामले को सुलझाने के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं। साइबर क्राइम यूनिट भी सक्रिय रूप से काम कर रही है। जल्द ही आरोपितों को काबू कर लिया जाएगा।

---------------

   

सम्बंधित खबर