बकरीद के त्योहार को लेकर पुलिस प्रशासन ने बनायी रणनीति

कानपुर, 06 जून (हि.स.)। बकरीद के त्योहार को लेकर मुस्लिम समुदाय के लोगों में काफी उत्साह देखा जा रहा है। कुर्बानी के लिए बाज़ारों में जानवरों की बिक्री ने भी जाेराें पर है। शनिवार को बड़ी ईदगाह में होने वाली नमाज को लेकर ईदगाह कमेटी की ओर से तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं। ऐसे में पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम भी किए गए हैं। बाज़ारों से लेकर ईदगाह तक सीसीटीवी कैमरों के जरिये निगरानी भी की जा रही है।

पुलिस उपायुक्त मध्य श्रवण कुमार सिंह ने शुक्रवार को बताया कि शहर के तमाम मुस्लिम धर्म गुरुओं के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा निर्देश साझा किए गए हैं। उन्होंने आश्वासन देते हुए कहा है कि धार्मिक कार्य नमाज और कुर्बानी शांतिपूर्ण तरीके से शासन द्वारा दिशा निर्देशों के तहत संपन्न कराई जाएगी। इसके विपरीत यदि जानवरों की कुर्बानी या किसी भी तरह का नियम का उल्लंघन किया गया ताे उन पर सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

त्योहार को देखते हुए संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती के साथ-साथ ड्रोन और सीसीटीवी कैमरे के जरिए निगरानी की जा रही है। इसके साथ-साथ सोशल मीडिया पर भ्रामक सूचनाएं फैलाकर माहौल बिगाड़ने वाले लोगों पर विशेष तौर पर मीडिया सेल नजर बनाए हुए हैं।

शनिवार को बड़ी ईदगाह में बकरीद की नमाज अदा की जाएगी। नमाज के दौरान ईदगाह के आसपास भारी पुलिस बल की तैनाती रहेगी यहां पर भी तमाम सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। ताकि किसी भी तरह की अनहोनी को रोका जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

   

सम्बंधित खबर