नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों की ठगी, तृणमूल नेता गिरफ्तार

उत्तर दिनाजपुर, 19 मई (हि. स.)। हेमताबाद ब्लॉक में सिंचाई विभाग में नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी के आरोप में तृणमूल कांग्रेस के उपाध्यक्ष मुजीबुर रहमान उर्फ दुलाल को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपित को मिरिक से देर रात गिरफ्तार किया गया।

पुलिस के अनुसार, आरोपित के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 406 और 420 समेत कई धाराओं में मामला दर्ज मंगलवार को रायगंज जिला अदालत में पेश किया।

शिकायतकर्ता अलाउद्दीन सरकार ने आरोप लगाया है कि उन्होंने अपने बेटे की नौकरी के लिए आरोपित को लाखों रुपये दिए, लेकिन चार साल बीतने के बाद भी नौकरी नहीं मिली। आरोपित ने सिंचाई विभाग में नौकरी दिलाने का झांसा देकर करीब आठ लाख रुपये लिए। इसके लिए उन्होंने अपनी जमीन तक बेच दी, लेकिन न नौकरी मिली और न ही पैसे वापस किए गए।

मामले की जांच पहले अधिकारी प्रभास सिंह कर रहे थे, जबकि अब सुजीत लामा इसकी निगरानी कर रहे है।

पुलिस का कहना है कि आरोपित के खिलाफ करोड़ों रुपये की ठगी, जबरन वसूली, जलाशय भरने और एससी/एसटी एक्ट के तहत भी मामले दर्ज है। फिलहाल आरोपित को रायगंज जिला अदालत में पेश किया गया है और मामले की जांच जारी है।

   

सम्बंधित खबर