प्राकृतिक खेती में अमेठी बन सकता है आदर्श मॉडल : प्रतिभा शुक्ला
- DSS Admin
- Jun 19, 2026
अमेठी, 19 जून (हि.स.)। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित सेवा, संस्कार, सुशासन एवं सम्मान कार्यक्रमों की श्रृंखला के अंतर्गत जिला पंचायत रिसोर्स सेंटर, गौरीगंज में आयोजित दो दिवसीय प्राकृतिक खेती कार्यशाला का शुक्रवार को समापन हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश सरकार की महिला कल्याण, बाल विकास एवं पुष्टाहार राज्यमंत्री तथा जनपद की प्रभारी मंत्री प्रतिभा शुक्ला शामिल हुईं। उन्होंने प्राकृतिक खेती को जनआंदोलन बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि यह केवल खेती की एक पद्धति नहीं, बल्कि स्वस्थ समाज, सुरक्षित पर्यावरण और समृद्ध किसान का आधार है।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में कृषि को अधिक टिकाऊ, लाभकारी और पर्यावरण अनुकूल बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। प्राकृतिक खेती अपनाकर रासायनिक उर्वरकों पर निर्भरता कम की जा सकती है, जिससे कृषि लागत घटेगी और प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण होगा। उन्होंने किसानों से कृषि, पशुपालन, उद्यान एवं मत्स्य विभाग की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की और कहा कि सरकार किसानों की आय बढ़ाने तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने विश्वास जताया कि अमेठी प्राकृतिक खेती के क्षेत्र में एक आदर्श मॉडल के रूप में विकसित हो सकता है।
कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष सुधांशु शुक्ला ने केंद्र सरकार की किसान हितैषी योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना सहित विभिन्न योजनाओं का सीधा लाभ किसानों तक पहुंच रहा है। जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश अग्रहरि ने कहा कि प्राकृतिक खेती समय की आवश्यकता है और इससे भूमि की उर्वरता तथा मानव स्वास्थ्य दोनों सुरक्षित रह सकते हैं। उन्होंने किसानों से प्राकृतिक खेती को जनआंदोलन का रूप देने का आह्वान किया।
जिलाधिकारी संजय चौहान ने कहा कि प्रशासन किसानों को शासन की योजनाओं का लाभ पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। उन्होंने खरीफ फसलों की तैयारी समय से करने तथा विभागीय तकनीकी सलाह का पालन करने की अपील की। उप कृषि निदेशक ने बताया कि जिले में कोदो, सांवा, रागी, मडुआ, ज्वार एवं बाजरा के बीज मिनीकिट निःशुल्क उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जिनका लाभ किसान ऑनलाइन बुकिंग के माध्यम से प्राप्त कर सकते हैं। कार्यक्रम के दौरान प्रभारी मंत्री ने 10 किसानों को बाजरा मिनीकिट वितरित किए तथा दो किसानों को अनुदानित कृषि यंत्रों की चाबियां प्रदान कर सम्मानित किया। इसके साथ ही विभिन्न विभागों द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी किसानों को दी गई । कार्यक्रम के उपरांत प्रभारी मंत्री ने सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा लगाई गई विकास प्रदर्शनी का अवलोकन किया। प्रदर्शनी में केंद्र एवं प्रदेश सरकार की 12 वर्षों की उपलब्धियों और विकास कार्यों को प्रदर्शित किया गया था। उन्होंने प्रदर्शनी की सराहना करते हुए इसे जनता और शासन के बीच संवाद का प्रभावी माध्यम बताया।
इसके बाद उन्होंने एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया तथा लोगों से वर्षाकाल में अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने की अपील की। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक सरवणन टी., मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अंशुमान सिंह, जिला विकास अधिकारी वीरभानु सिंह, विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा लगभग 400 किसान उपस्थित रहे।
---------------

