डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के विचारों को जन-जन तक पहुंचाएं कार्यकर्ता : कमलावती सिंह

फोटो। कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया

-डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के विचारों को जन-जन तक पहुंचाएं : कमलावती सिंह

-भाजपा का जिला कार्यकर्ता सम्मेलन संपन्न

औरैया, 02 जुलाई (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में भारतीय जनता पार्टी द्वारा गुरुवार को ब्लॉक सभागार औरैया में पंडित श्यामा प्रसाद मुखर्जी जयंती संस्मरण पखवाड़ा के अंतर्गत जिला कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के राष्ट्रवादी विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि महिला कल्याण निगम की अध्यक्ष कमलावती सिंह ने कहा कि जनसंघ के संस्थापक पंडित डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का संपूर्ण जीवन राष्ट्र की एकता, अखंडता और सांस्कृतिक चेतना के लिए समर्पित रहा। उन्होंने कहा कि डॉ. मुखर्जी का प्रसिद्ध उद्घोष “एक देश में दो विधान, दो प्रधान और दो निशान नहीं चलेंगे” केवल नारा नहीं, बल्कि भारत की अखंडता के प्रति उनका अटूट संकल्प था। इसी संकल्प के लिए उन्होंने सर्वोच्च बलिदान दिया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे डॉ. मुखर्जी के विचारों को जन-जन तक पहुंचाकर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं।

विशिष्ट अतिथि एवं पूर्व जिलाध्यक्ष श्रीराम मिश्रा ने कहा कि आज का भारत डॉ. मुखर्जी के सपनों को साकार करने की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहा है। राष्ट्रहित सर्वोपरि की भावना के साथ देश विकास, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता के नए आयाम स्थापित कर रहा है। भाजपा जिलाध्यक्ष सर्वेश कठेरिया ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि राष्ट्र सेवा का एक सशक्त आंदोलन है। उन्होंने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी महान विचारक, प्रखर शिक्षाविद और दूरदर्शी राजनेता थे, जिनके लिए राष्ट्रहित सर्वोपरि था।

सदर विधायक गुड़िया कठेरिया ने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी शक्ति उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं। बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करना, सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को पात्र लोगों तक पहुंचाना और समाज के प्रत्येक वर्ग से सतत संवाद बनाए रखना सभी कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि डॉ. मुखर्जी के आदर्शों पर चलते हुए संगठन को और अधिक मजबूत किया जाएगा।

सम्मेलन का संचालन जिला महामंत्री यशवीर सिकरवार ने किया। इस अवसर पर विशाल शुक्ला, मनु राजपूत, रजनीश पाण्डेय, भूरे चौबे, सौरभ भूषण शर्मा, विमल दुबे, देवेंद्र सेंगर, वासुदेव प्रजापति, राहुल गुप्ता, हरपाल सिंह, आशाराम राजपूत, कंचन अग्निहोत्री, रामजी बाजपेई, इंद्रपाल पाल, सोनू सोनी, शिवम दीक्षित, अनुराग दीक्षित, कृष्णकांत अवस्थी सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

---------------

   

सम्बंधित खबर