फिरोजाबाद में बैंक ऑफ इंडिया के लॉकर से कराेड़ाें का सोना गायब, बैंक मैनेजर समेत तीन अधिकारी गिरफ्तार
- DSS Admin
- Jun 18, 2026
फिरोजाबाद, 18 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद फिरोजाबाद की थाना अराँव पुलिस ने बृहस्पतिवार को ग्राम भारौल स्थित बैंक ऑफ इंडिया शाखा के लाॅकर में रखे गोल्ड पैकेट्स का गबन करने वाले तीन बैंककर्मियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से आभूषण भी बरामद किए है।
बैंक ऑफ इंडिया की भरौल शाखा के लाॅकर से ग्राहकों का करोड़ों रुपये का सोना गबन होने का मामला बुधवार को सामने आया था। पुलिस रिपोर्ट के अनुसार बैंक शाखा के स्टाफ और मुख्य चाबी धारक दिलीप कुमार निवासी गांव बासगांव, बकेवर, इटावा पिछले 27 मई से बिना बताए अनुपस्थित था। जिससे तिजाेरी से संबंधित कार्य ठप था। उससे कोई संपर्क न होने पर संदेह हुआ। इसलिए मामले की जानकारी आगरा कार्यालय को दी गई। इसके बाद 15 जून को वरिष्ठ सुरक्षा प्रबंधक अंकित और घिरोर शाखा के वरिष्ठ प्रबंधक सुशील कुमार को भारौल भेजा गया। वीडियो रिकार्डिंग के साथ डुप्लीकेट चाबी से तिजोरी खोली गई तो उसमें गोल्ड लोन के 96 पैकेट कम पाए गए। पुलिस ने तत्कालीन शाखा प्रबंधक संदीप यादव, स्टाफ अधिकारी दिलीप और स्टाफ अधिकारी नरेश कुमार पर रिपोर्ट दर्ज की थी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे द्वारा वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी हेतु चलाए जा रहे अभियान के क्रम में थाना प्रभारी अरांव ऋषि कुमार ने पुलिस टीम के साथ बृहस्पतिवार को वांछित अभियुक्त दिलीप कुमार पुत्र ओमप्रकाश, क्रेडिट अधिकारी बैंक आफ इण्डिया शाखा भारौल थाना अरांव मूल निवासी ग्राम बासगाँव पोस्ट राहिन बसरेहर जिला इटावा हाल निवासी नगला कुंवरप्रसाद कस्बा व थाना शिकोहाबाद, नरेश कुमार पुत्र सुरेन्द्र सिंह मूल निवासी ग्राम रायपुरा राहपुरा करकौली थाना सादाबाद जिला हाथरस व संदीप यादव पुत्र रामप्रकाश शाखा प्रबंधक बीओआई शाखा भारौल मूल निवासी नगला उमराय थाना शिकोहाबाद हाल निवासी प्रोफेसर कालोनी शिकोहाबाद को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से आभूषण बरामद किए है।
---------

