बिजनौर, 18 मई (हि.स.)। जनपद बिजनौर शहर के विभिन्न स्थानों के दर्जनों लोगों ने सोमवार को पुलिस अधीक्षक (एसपी) कार्यालय पहुंच पुलिस अधीक्षक से कम्पनी बनाकर करोड़ों की ठगी करने वालों के आराेपिताें के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।
शिकायतकर्ताओं ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने एक गिरोह बनाकर लगभग 3000 लोगों से धोखाधड़ी की है। ये लोग ऑनलाइन बैठकों और व्यक्तिगत मुलाकातों के माध्यम से आम जनता को अपने पैसे निवेश करने पर हर महीने मोटी रकम देने का आश्वासन देकर गुमराह करते थे।
एसपी को दिए गए प्रार्थना पत्र में कई लोगों पर फर्जी और कूटरचित कंपनी दिखाकर बैंक खातों और नकद के माध्यम से लगभग 25 करोड़ रुपये ठगने का आरोप लगाया गया है। पीड़ितों ने यह भी आरोप लगाया कि जब वे अपना पैसा वापस मांगते हैं, तो आरोपित उन्हें आत्महत्या का फर्जी मुकदमा दर्ज कराने और जेल भेजने की धमकी देते हैं।
इस मौके पर पीड़ित ताजुल नवीन ने बताया कि उनसे 'फॉरेस्ट' के नाम पर धन लिया गया था। उन्हें 7 प्रतिशत मासिक आय का वादा किया गया था और यह भी कहा गया था कि आवश्यकता पड़ने पर पैसा वापस मिल जाएगा। नवीन ने बताया कि एक महीने बाद कंपनी बदल गई और दूसरे महीने तीसरी कंपनी बन गई।
उन्होंने एसपी से सभी आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। एसपी दफ्तर पहुंचे लोगों में विपिन, विनोद कुमार, शिप्रा भारद्वाज, मोहित कुमार, नृपेन्द्र कुमार, कमल कुमार और सलीम सहित दर्जनों लोग मौजूद थे।
पुलिस अधीक्षक आशुताेष झा ने बताया मामले काे संज्ञान में लिया गया है और जांच के आदेश दे दिये गये हैं।

