डबल इंजन सरकार हर व्यक्ति के उत्थान के लिए समर्पित : नन्दी

उप्र सरकार के कैबिनेट मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता क्षेत्र की जनता से मिलकर उनकी बातों को सुनते हुए फोटो

जनता की समस्याओं का समाधान और क्षेत्र का विकास हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता, नैनी मंडल में घर-घर पहुंचकर कार्यकर्ताओं व नागरिकों से मिले मंत्री

प्रयागराज, 15 जून (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में डबल इंजन की सरकार समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाने और हर नागरिक के उत्थान के लिए समर्पित है। यह बातें सोमवार को उत्तर प्रदेश सरकार के औद्योगिक विकास मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी ने अपने विधानसभा क्षेत्र प्रयागराज दक्षिणी के नैनी मंडल भ्रमण के दौरान कहीं।

मंत्री नन्दी ने सोमवार को नैनी मंडल के विभिन्न क्षेत्रों में भ्रमण कर भाजपा के बूथ अध्यक्षों, सेक्टर संयोजकों, कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों के घर पहुंचकर उनसे मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने सरकार द्वारा कराए गए विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं तथा क्षेत्र की आवश्यकताओं पर विस्तार से चर्चा की।

नैनी मंडल में जनसंपर्क के दौरान मंत्री नन्दी ने कहा कि उनकी विधानसभा केवल राजनीतिक क्षेत्र नहीं, बल्कि उनका परिवार है। क्षेत्र के प्रत्येक नागरिक की समस्या और विकास की आवश्यकता उनकी प्राथमिकता में शामिल है। उन्होंने कहा कि सरकार विकास और सुशासन के माध्यम से आमजन के जीवन को बेहतर बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है।

भ्रमण के दौरान स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों और उद्यमियों ने विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को और बेहतर बनाने तथा जर्जर सड़कों की मरम्मत कराने की मांग रखी। मंत्री नन्दी ने इन समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को नंदन तालाब क्षेत्र में ट्रांसफार्मर की क्षमता बढ़ाने तथा खराब सड़कों की शीघ्र मरम्मत कराने के निर्देश दिए।

उन्होंने लोगों को आश्वस्त किया कि क्षेत्र के विकास से जुड़े प्रत्येक मुद्दे का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराया जाएगा। मंत्री ने कहा कि जनता और जनप्रतिनिधियों के बीच सीधा संवाद लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत है और इसी भावना के साथ वे लगातार लोगों के बीच पहुंच रहे हैं।

नैनी मंडल भ्रमण के दौरान मंत्री नन्दी ने जहांगीराबाद, नंदन तालाब, चक दाउद नगर, काजीपुर, आनंद नगर, नई बाजार, शंकर ढाल तथा चक लाल मोहम्मद सहित विभिन्न क्षेत्रों में बूथ अध्यक्षों और सेक्टर संयोजकों के आवास पर पहुंचकर उनका कुशलक्षेम जाना तथा संगठनात्मक विषयों पर चर्चा की।

इस अवसर पर नैनी मंडल अध्यक्ष रजत दुबे, नामित पार्षद एवं पूर्व मंडल अध्यक्ष दिलीप केसरवानी, सेक्टर संयोजक जय सिंह पटेल, पंकज शर्मा, कुश प्रसाद भारतीय, मंगला प्रसाद गौड़, अरविन्द दादा, विनय सिंह, जय कृष्ण तिवारी, प्रहलाद सिंह, पार्षद रणजीत सिंह, मनोज गुप्ता सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

---------------

   

सम्बंधित खबर