लखनऊ अग्निकांड के बाद मुख्यमंत्री ने अपने सभी कार्यक्रम रद्द किए
- DSS Admin
- Jun 22, 2026
लखनऊ, 22 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के अलीगंज क्षेत्र में एक कोचिंग संस्थान में आग लगने की घटना के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने आगे के सभी कार्यक्रम रद्द कर अलीगढ़ से लखनऊ के लिए रवाना हुए। इससे पहले उन्होंने उप्र के पुलिस महानिदेशक और अपर मुख्य सचिव गृह समेत अन्य अधिकारियों को मौके पर पहुंचने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा, मेरी हार्दिक इच्छा थी कि आज मैं अलीगढ़ में रहूं, लेकिन मुझे दुख के साथ कहना पड़ रहा है कि अभी-अभी मुझे जानकारी मिली है कि लखनऊ में एक आग लगने की दुखद घटना हुई है। उसकी चपेट में कुछ बच्चे आये हैं। उनकी दुखद मौत हुई है। इसलिए मुझे तत्काल वापस जाना पड़ रहा है, जिन्होंने जान खोई उनके परिजनों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि इस पूरे मामले के लिए पुलिस महानिदेशक एवं अपर मुख्य सचिव (गृह) को भी कहा है कि मौके पर जाकर इसकी रिपोर्ट प्रस्तुत करें। मैं स्वयं भी वहां के लिए प्रस्थान कर रहा हूँ जिससे इस पूरे मामले की तह में जाकर दोषियों को सज़ा भी दे सकें और उन पीड़ित परिवारों के प्रति अपनी संवेदना भी व्यक्त कर सकें।---------------

