गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधा आज की आवश्यकता : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ
- DSS Admin
- Jun 26, 2026



गोरखपुर, 26 जून (हि.स.)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार काे गाेरखपुर में कहा कि गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधा आज की आवश्यकता है। इसी के दृष्टिगत वर्ष 2017 के बाद से स्वास्थ्य एवं चिकित्सा सेवा के गुणवत्तापूर्ण विस्तार के जरिये सरकार ने प्रदेश के प्रति लोगों के परसेप्शन को बदला है। पूर्व की सरकारों और वर्तमान सरकार के बीच सबसे बड़ा अंतर यही है पहले की सरकार ने हर एक जिले में माफिया पैदा किया और वर्तमान सरकार हर जिले में मेडिकल कॉलेज की सुविधा दे रही है।
मुख्यमंत्री योगी शुक्रवार काे बेतियाहाता में एस्ट्रोमेडिक्स सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल के उद्घाटन अवसर पर कहा कि पिछली सरकारों ने ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन माफिया’ दिया था। तत्कालीन सरकार हर जिले में एक माफिया पालती थी जबकि हमारी सरकार ने ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन मेडिकल कॉलेज’, (एक जिला एक मेडिकल कॉलेज) ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट’ (एक जिला एक उत्पाद) और ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन कुजीन’ (एक जिला एक व्यंजन) जैसी योजनाओं का उपहार प्रदेश को दिया है। इन योजनाओं से प्रदेश के प्रति धारणा बदलने, नई और मजबूत पहचान बनाने में मदद मिली है।
हॉस्पिटल संचालक परिवार के अभिभावक रहे पूर्व मंत्री मार्कण्डेय चंद की स्मृतियों को साझा करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि स्वर्गीय चंद गोरक्षपीठ के अनन्य भक्त थे। वह किसी भी दल में रहे हों, पीठ के प्रति उनका गहरा लगाव और गहरी आस्था थी। करियर दांव पर लगाकर भी वह संबंधों को बहुत महत्व देते थे। उन्होंने एक संस्मरण साझा करते हुए कहा कि मार्कण्डेय चंद ने बसपा सरकार में मंत्री रहते हुए भी विधानभवन में अपनी कुर्सी पर उनसे बैठने के लिए इस आशय से आग्रह किया कि उनके लिए गोरक्षपीठ सर्वोपरि है। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वर्गीय चंद के पुत्रों सीपी चंद और अरुण चंद व उनके परिवार ने एस्ट्रोमेडिक्स हॉस्पिटल के जरिये उनकी स्मृतियों को जीवंत किया है।
हॉस्पिटल के शिलापट्ट का अनावरण कर उद्घाटन करने के बाद मुख्यमंत्री ने भ्रमण कर हॉस्पिटल की व्यवस्थाओं और उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं की जानकारी ली। इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हॉस्पिटल परिसर में पूर्व मंत्री स्वर्गीय मार्कण्डेय चंद की प्रतिमा का अनावरण भी किया और पुष्पार्चन कर उनकी स्मृतियों को नमन किया। उद्घाटन समारोह में मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए एमएलसी एवं हॉस्पिटल के अध्यक्ष सीपी चंद ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश स्वास्थ्य एवं चिकित्सा सुविधाओं की सुदृढ़ता के लिए देश स्तर पर नजीर पेश कर रहा है। आभार ज्ञापन हॉस्पिटल के प्रबंध निदेशक डॉ. अरुण चंद ने किया।
---------------

