उन्नाव: साधु की हत्या में फरार एक लाख का इनामी इजराइल मुठभेड़ में ढेर

उन्नाव, 15 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले की बांगरमऊ थाना पुलिस और एसओजी की टीम ने सोमवार को एक लाख रुपये के इनामी बदमाश मुठभेड़ में ढेर कर दिया। इस कार्रवाई में एसओजी का सिपाही घायल हुआ, जबकि एक गोली उपनिरीक्षक के बुलेटप्रुफ जैकेट में भी लगी है। इनामी बदमाश एक साधु की हत्या की वारदात के बाद से फरार चल रहा था। घटना के बाद एसपी समेत वरिष्ठ अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।

एसपी जय प्रकाश सिंह ने बताया कि बांगरमऊ थाना क्षेत्र स्थित पूर्विया टोला कस्बा निवासी इसराइल उर्फ इजराइल ने बीती नौ जून को निर्माणाधीन मंदिर से तीन सौ मीटर दूर पार्षद अतीक की झोपड़ी में अपने साथियों के साथ मिलकर साधु मिलनदास की चाकू से गोदकर की हत्या कर दी थी। इस घटना में आरोपित यामीन, शफी, लल्ली और अली मोहम्मद को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है, जबकि मुख्य आरोपित इजराइल हत्या के बाद से फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित था।

एसपी ने बताया कि सोमवार तड़के बांगरमऊ थाना पुलिस एसओजी टीम के साथ आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे हवाई पट्टी सर्विस रोड पर वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इस बीच सूचना मिली कि बाबा मिलन दास की हत्या में फरार इनामी आरोपित किसी साथी के इंतजार में ताजपुर अंडरपास के पास खड़ा है। सूचना के बाद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर बदमाश को आत्मसमर्पण के लिए कहा। लेकिन उसने आत्मसमर्पण की बजाए पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। बदमाश की गोली लगने से एसओजी सिपाही विकास भदौरिया घायल हो गये। वहीं, बांगरमऊ कस्बा चौकी प्रभारी न्यूटन कुमार सिंह के बुलेट प्रूफ जैकेट में गोली जा लगी। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षार्थ फायरिंग की, जिसमें बदमाश घायल हो गया। पुलिस ने घायल बदमाश और सिपाही को इलाज के लिए अस्पताल भेजा, जहां डॉक्टरों ने इनामी बदमाश इसराइल उर्फ इजराइल को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने उसके कब्जे से हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू, तमंचा मय कारतूस बरामद किया है। पुलिस शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई कर रही है।

---------------

   

सम्बंधित खबर