माेदी सरकार के 12 सालाें के विकास कार्याें को घर-घर पहुंचाए कार्यकर्ता : सोहनलाल श्रीमाली
- DSS Admin
- Jun 15, 2026
मीरजापुर, 15 जून (हि.स.)। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर सोमवार को पहाड़ी ब्लॉक सभागार, पड़री में आयोजित कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री सोहनलाल श्रीमाली ने केंद्र सरकार की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास, सुशासन और जनसेवा के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को प्राप्त किया है।
राज्य मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, किसान सम्मान निधि, जल जीवन मिशन और विद्युत आपूर्ति जैसी योजनाओं ने करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है। सरकार समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों से आह्वान किया कि वे सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी घर-घर तक पहुंचाएं, ताकि अधिक से अधिक लोग इनका लाभ उठा सकें। कार्यक्रम में वक्ताओं ने केंद्र सरकार के 12 वर्षों को सेवा, सुशासन और विकास का स्वर्णिम काल बताते हुए राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के बाद राज्य मंत्री ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पड़री का निरीक्षण भी किया। प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. आनंद कुमार सिंह की मौजूदगी में उन्होंने वार्ड, ओपीडी, लैब सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं।
इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख इंद्र बहादुर पांडेय, प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. आनंद कुमार सिंह, सीडीपीओ रीता अवस्थी, अशोक मौर्य, राजेश सोनकर, आशीष दुबे, राकेश दुबे, संदीप अग्रहरी, शिवलाल अग्रहरी, दीपक वर्मा सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
---------------

