दूसरे युवक के साथ पत्नी भागने से दुखी पति ने ससुराल में गोली मार कर दी जान
- DSS Admin
- Jul 01, 2026
हाथरस, 01 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद हाथरस के सासनी कस्बे में युवक ने अपनी ससुराल के पड़ोस में बुधवार रात एक बजे गोली मारकर आत्महत्या कर ली। युवक की पहचान 35 वर्षीय महेश निवासी समस्तपुर, तहसील खुर्जा के रूप में हुई है। छानबीन में पता चला है कि हेश की पत्नी के उसे छोड़कर दूसरे युवक के साथ चली गयी थी। इस घटना से युवक बहुत परेशान था। इसी कारण आत्मघाती कदम उठाया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
महेश समस्तपुर, तहसील खुर्जा का निवासी महेश की ससुराल सासनी कस्बे के बिजली घर निवासी रामबाबू के यहां थी। पड़ोसियों के अनुसार, महेश 30 जून की देर शाम अपनी ससुराल आया था। इसके बाद वह पड़ोसी सूरजपाल के घर गया। सूरजपाल उस युवक अरविंद के पिता हैं जिसके साथ महेश की पत्नी गई थी। महेश ने कमरे में जाकर अपनी कनपटी पर तमंचे से गोली मार ली, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना से सूरज पाल के परिवार में हड़कंप मच गया। उन्होंने तुरंत कोतवाली पुलिस को सूचना दी। सूचना पाकर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
प्रभारी निरीक्षक विपिन चौधरी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। महेश अपनी पत्नी आशा के छोड़कर जाने से अत्यधिक परेशान था। आशा रामबाबू की बेटी है और पहले भी तीन बार बिजली घर के अरविंद पुत्र सूरजपाल के साथ जा चुकी थी। 16 जून को आशा अपने पति महेश और बच्चों को छोड़कर फिर से अरविंद के साथ चली गई थी। इसी परेशानी के चलते महेश अपनी ससुराल सासनी आया था और उसने अरविंद के पिता सूरज पाल के घर में यह आत्मघाती कदम उठाया। पुलिस अभी और पूरे मामले की जांच पड़ताल कर रही है।
---------------

