मीरजापुर में 75 लाख की अवैध शराब बरामद, बिहार के तीन आरोपित गिरफ्तार
- DSS Admin
- May 19, 2026
मीरजापुर, 19 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जिले में अहरौरा थाना पुलिस और एसओजी, सर्विलांस टीम की संयुक्त टीम ने तीन कारों से 1075 बोतल अवैध अंग्रेजी शराब बरामद करते हुए तीन अंतरराज्यीय शराब तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद शराब और वाहनों की कुल कीमत लगभग 75 लाख रुपये बताई गई है।
अपर पुलिस अधीक्षक आपरेशन मनीष मिश्र ने पुलिस लाइन सभागार में मंगलवार को अंतरराज्यीय शराब तस्करों के पकड़े जाने की जानकारी दी। उन्होंने पत्रकार को बताया कि पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देशन में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सोमवार देर रात सूचना के आधार पर थाना अहरौरा क्षेत्र के ग्राम हिनौता स्थित लखनियादरी मार्ग पर सघन वाहन चेकिंग के दौरान तीन कारों को रोका गया। इस दौरान तलाशी में तीनों वाहनों से अलग-अलग ब्रांड की कुल 1075 बोतल अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई। शराब के साथ पकड़े गए आरोपितों में पुलिस ने बिहार निवासी आरोपित सूरज कुमार, आकाश कुमार और विकास कुमार को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने शराब तस्करी में प्रयुक्त वाहनों को भी सीज कर दिया।
पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि शराब को छिपाकर बिहार ले जाकर ऊंचे दामों पर बेचने की योजना थी। पुलिस के अनुसार तस्करों ने वाहनों की नंबर प्लेट भी बदल रखी थी। मामले में थाना अहरौरा पर आबकारी अधिनियम एवं बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार आरोपितों को न्यायालय भेजा जा रहा है।
कार्रवाई करने वाली टीम में थाना प्रभारी अहरौरा आशीष कुमार सिंह एवं प्रभारी निरीक्षक सर्विलांस/एसओजी राजीव सिंह अपनी टीम के साथ शामिल रहे।
---------------

