सोशल मीडिया के जरिए युवतियों को जाल में फंसाने का आरोप, कोलकाता की महिला हिरासत में

मीरजापुर, 18 मई (हि.स.)। जिगना थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया के माध्यम से गांव की युवतियों को बहला-फुसलाकर बाहर ले जाने के मामले में पुलिस ने पश्चिम बंगाल की एक महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। महिला पर कोलकाता में नौकरी दिलाने का झांसा देकर युवती को अपने साथ ले जाने का आरोप है।

जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के एक गांव में रविवार को कोलकाता निवासी एक महिला पहुंची और एक युवती को अपने साथ ले जाने लगी। परिजनों ने विरोध किया तो महिला ने बताया कि युवती की सहमति से उसे कोलकाता ले जाया जा रहा है, जहां होटल में रिसेप्शनिस्ट की नौकरी दिलाई जाएगी।

परिजन की सूचना पर पहुंची पीआरवी पुलिस महिला को थाने ले आई। घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं होने लगीं। परिवार वालों का आरोप है कि सोशल मीडिया के जरिए युवतियों को अपने जाल में फंसाने वाला एक गिरोह इलाके में सक्रिय है।

क्षेत्राधिकारी लालगंज अमर बहादुर ने साेमवार काे बताया कि युवती को बहला-फुसलाकर ले जाने के आरोप में पश्चिम बंगाल की एक महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

वहीं जिगना थाना प्रभारी संजय सिंह ने बताया कि मामले में परिजन की तहरीर मिलने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी। महिला की गतिविधियों की जांच की जा रही है तथा उच्चाधिकारियों को भी मामले से अवगत करा दिया गया है।

---------------

   

सम्बंधित खबर