महोबा में बेहतर नहर संचालन के लिए निकाली गयी प्रगति पथ यात्रा, किसानों को किया जागरूक
- DSS Admin
- Jun 10, 2026

महोबा, 10 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में महोबा जनपद में सिंचाई विभाग द्वारा बेहतर नहर संचालन के लिए बुधवार को प्रगति पथ यात्रा का शुभारंभ यूपी एमपी सीमा पर स्थित उर्मिल बांध से प्रारंभ किया गया। यात्रा के समापन के बाद जनचौपाल में लोगों को बांध से दूर रहने समेत अन्य बातों के लिए जागरूक किया गया।
केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर जिले भर में 5 जून से 21 जून तक जनकल्याण एवं जन जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में बुधवार को जनपद से सटे मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले की सीमा पर स्थित उर्मिल बांध से अतरारमाफ होते हुए इमलिया गांव तक प्रगति पथ यात्रा का आयोजन सिंचाई प्रखंड द्वारा किया गया। अधिशाषी अभियंता मोतीलाल ने बताया कि नहरें में पानी किसान के लिए वरदान से कम नहीं होता है। नहरों के बेहतर संचालन के लिए विभाग लगातार प्रयासरत है। नहरों के सभी टेलों तक पानी पहुंचाया जा रहा है।
अधिशाषी अभियंता ने बताया कि बेहतर नहर संचालन हेतु कृषकों के साथ लगभग 5 किलोमीटर की इस यात्रा का आयोजन किया गया। यात्रा के समापन के बाद निरीक्षण भवन में किसानों के साथ जन चौपाल आयोजित कर किसानों को बांध में हो रही दुर्घटनाओं को लेकर जागरूक किया गया। बांध किनारे सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम करने का आश्वासन दिया गया है। यात्रा में सहायक अभियंता शिवा वर्मा , सलमान ख़ान एवं अन्य अधिकारी व जूनियर इंजीनियर समेत अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे l
---------------

