आरओ प्लांट पर काम करते समय करंट की चपेट में आने से युवक की मौत
- DSS Admin
- May 19, 2026
मीरजापुर, 19 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जिले में अहरौरा थाना क्षेत्र के जसवा गांव में मंगलवार भोर बिजली के करंट की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
जसवा गांव निवासी अंकित कुमार (32) पुत्र भरत घर में आरओ मिनी प्लांट लगाकर पानी फिल्टर एवं ठंडा कर आसपास के घरों में सप्लाई करता था। मंगलवार तड़के वह आरओ प्लांट पर काम करने गया था। इसी दौरान वह करंट की चपेट में आ गया। कुछ देर तक आहट नहीं मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे। युवक को हटाने का प्रयास किया तो उन्हें भी बिजली का झटका महसूस हुआ। इसके बाद किसी तरह बिजली आपूर्ति बंद कर अंकित को बाहर निकाला गया। चुनार चौराहे के पास स्थित एक निजी अस्पताल ले जाया गया। चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। परिजन ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया है। थाना प्रभारी अजय कुमार मिश्र ने बताया कि युवक की मौत करंट लगने से हुई है। मामले की जानकारी ली गई है।
---------------

