झाड़-फूंक करने वाले व्यक्ति की हत्या के चार आरोपित गिरफ्तार, परिजनों की मौत का लिया बदला
- DSS Admin
- Jul 02, 2026
मऊ, 02 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मऊ जिले के घोसी थाना क्षेत्र में सिर कटी लाश मिलने के सनसनीखेज हत्याकांड का पुलिस ने चार आरोपिताें को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त एक अवैध चाकू और खून से सने कपड़े भी बरामद किए हैं। इस कार्रवाई का निर्देशन पुलिस अधीक्षक कमलेश बहादुर के नेतृत्व में अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार तथा क्षेत्राधिकारी घोसी जितेंद्र सिंह के पर्यवेक्षण में किया गया।
पुलिस के अनुसार 30 जून 2026 को जमालपुर–मिर्जापुर हाईवे स्थित पुलिया के नीचे एक अज्ञात सिर कटा शव मिला था। पहचान मुहम्मदाबाद गोहना थाना क्षेत्र के सद्दोपुर निवासी सुभाष बांसफोर के रूप में हुई। मृतक के पुत्र हरिकेश बांसफोर की तहरीर पर एक जुलाई को थाना घोसी में हत्या और शव छिपाने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया।
जांच के दौरान मुखबिर की सूचना पर घोसी पुलिस ने 2 जुलाई की देर रात नदवासराय अंडरपास से पवन कुमार (30), भारत बांसफोर (60), अवधेश कुमार (26) निवासी मसीना तथा बबलू कुमार (करीब 30) निवासी मनिकपुर असना को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपिताें ने हत्या का जुर्म स्वीकार कर लिया। पुलिस के मुताबिक मुख्य आरोपी भारत बांसफोर ने बताया कि सुभाष झाड़-फूंक का काम करता था। उसका आरोप है कि पहले उसकी मां और बाद में पत्नी की मौत झाड़-फूंक और इलाज में लापरवाही के कारण हुई, जिससे परिवार में सुभाष के प्रति गहरा आक्रोश था। इसी रंजिश में भारत, उसके बेटों और रिश्तेदार बबलू ने मिलकर सुभाष की हत्या की योजना बनाई।
आरोपिताें ने सुभाष की हत्या करने के बाद शव को जमालपुर–मिर्जापुर हाईवे की पुलिया के नीचे नाले के किनारे झाड़ियों में छिपा दिया। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त अवैध चाकू और खून से सने कपड़े बरामद किए। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में आर्म्स एक्ट की धारा 4/25 भी बढ़ाई गई है।
गिरफ्तार आरोपिताें को न्यायालय में पेश किया जा रहा है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार मुख्य आरोपित भारत बांसफोर के खिलाफ वर्ष 2017 में मारपीट से संबंधित एक आपराधिक मुकदमा पहले से दर्ज है।
--------

