पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के पीए की हत्या में शामिल एक और शूटर वाराणसी से गिरफ्तार
- DSS Admin
- May 19, 2026
गाजीपुर देवरिया गांव निवासी विनय राय के घर बंगाल पुलिस ने स्थानीय पुलिस की सहायता से की थी छापेमारीगिरफ्तारी से बचने के लिए वाराणसी में छुपा था
वाराणसी, 19 मई (हि.स.)। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के पीए (निजी सहायक) चंद्रनाथ रथ की हत्या के मामले में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) को बड़ी सफलता मिली है। एजेंसी ने इस सनसनीखेज हत्याकांड में शामिल एक और संदिग्ध शूटर विनय राय उर्फ पमपम को वाराणसी पुलिस लाइन के पास से गिरफ्तार किया है।
गाजीपुर जिले के जमानिया थाना क्षेत्र स्थित देवरिया गांव निवासी विनय राय को मंगलवार को सीबीआई ने वाराणसी के मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीजीएम) कोर्ट में पेश किया। अदालत ने आरोपित को 48 घंटे की ट्रांजिट रिमांड पर सीबीआई को सौंप दिया, जिसके बाद एजेंसी उसे पूछताछ के लिए अपने साथ ले गई।
सूत्रों के अनुसार, विनय राय की तलाश में पश्चिम बंगाल पुलिस ने पहले ही गाजीपुर के देवरिया गांव स्थित उसके पैतृक घर पर जमानिया पुलिस के सहयोग से छापेमारी की थी। गिरफ्तारी के डर से वह वाराणसी में छिपकर रह रहा था, जहां से आखिरकार सीबीआई ने उसे दबोच लिया।
गौरतलब है कि कोलकाता में छह मई को चंद्रनाथ रथ की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। शुरुआत में मामले की जांच पश्चिम बंगाल पुलिस की विशेष जांच टीम (एसआईटी) कर रही थी, लेकिन बाद में जांच सीबीआई को सौंप दी गई। सीबीआई ने 12 मई को मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश तेज कर दी थी। इस हत्याकांड में अब तक उत्तर प्रदेश में विनय राय पमपम के पहले बलिया के राज सिंह और बलिया के ही रसड़ा निवासी राजकुमार सिंह की गिरफ्तारी की गई और बिहार से दाे आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
इससे पहले बलिया निवासी राज सिंह को अयाेध्या से गिरफ्तार किया गया था, जिसे पुलिस मुख्य शूटर मान रही है। इसके बाद मयंक राज मिश्रा और विक्की मौर्य को बिहार के बक्सर से गिरफ्तार किया गया। अब विनय राय उर्फ पमपम की गिरफ्तारी को जांच में अहम कड़ी माना जा रहा है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, विनय राय का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास और गैंगस्टर एक्ट समेत कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। वर्ष 2017 में नन्हकू यादव हत्याकांड और अरविंद यादव पर फायरिंग मामले में भी उसका नाम सामने आया था।
देवरिया गांव निवासी विनय राय उर्फ पमपम, संतोष उर्फ बबलू राय,¨मकू उर्फ अनुज इलाके के कई अपराधिक वारदात में शामिल रहे है। इनके गिरोह के एक सदस्य नगसर नेवाजु राय निवासी अनुभव राय को ग्रामीणों ने पीट-पीट कर मार डाला। जब वह अपने साथियों के साथ जमानियां कोतवाली के देवरिया गांव निवासी सगे भाइयों नन्हकू यादव, अरविंद यादव को गोली मारने के बाद भाग रहा था। इसके अलावा विनय वर्ष 2012 में दिल्ली-हरियाणा बॉर्डर से अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तारी के बाद वह तिहाड़ जेल भी जा चुका है।धनबाद में कोयला कारोबार से जुड़े विनय राय ने चंद्रनाथ रथ की हत्या में शूटर उपलब्ध कराने, उनके लिए फंडिंग और असलहे की व्यवस्था की थी। सनसनीखेज वारदात में पूर्वांचल, बिहार और झारखंड सहित अन्य क्षेत्रों के नौ युवकों को चिह्नित किया गया था। सूत्र बताते हैं कि विनय राय का वाराणसी और पूर्वांचल के कई रसूखदार लोगों से भी संपर्क रहा है। सीबीआई अब उसके नेटवर्क और हत्याकांड में उसकी भूमिका की गहन जांच कर रही है।

