चलती मैजिक के टायर में मारी गोली, धागा व्यापारी के कर्मचारियों से 2.42 लाख लूट ले गए बदमाश

- मड़िहान के बेला जंगल में बाइक सवार बदमाशों ने किया दुस्साहस

- घोरावल से रुपये का कलेक्शन कर लौट रहे थे कर्मचारी

मीरजापुर, 02 जुलाई (हि.स.): मड़िहान थाना क्षेत्र के बेला जंगल में गुरुवार रात बाइक सवार बदमाशों ने दुस्साहसिक वारदात को अंजाम देते हुए धागा व्यापारी के कर्मचारियों से 2.42 लाख रुपये लूट लिए। बदमाशों ने पहले चलती मैजिक के टायर पर गोली मारकर वाहन रुकवाया, फिर रुपये से भरा बैग लेकर फरार हो गए। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई।

मीरजापुर शहर निवासी धागा व्यापारी सचिन जिले के साथ ही सोनभद्र में धागे की सप्लाई का कारोबार करते हैं। उनके कर्मचारी राजकुमार निवासी छोटा मीरजापुर व चालक सुनील यादव निवासी लोहंदी (घोरावल) सोनभद्र गुरुवार को घोरावल बाजार में माल की सप्लाई के बाद दुकानदारों से भुगतान का कलेक्शन कर मैजिक वाहन से मीरजापुर लौट रहे थे।

रात में बेला जंगल के पास पहले से पीछा कर रहे बाइक सवार बदमाशों ने वाहन के टायर पर गोली चला दी। गोली लगने से वाहन अनियंत्रित होकर रुक गया। इसके बाद बदमाश कर्मचारियों के पास रखा करीब 2.42 लाख रुपये से भरा बैग छीनकर फरार हो गए।

सूचना मिलते ही मड़िहान थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और बदमाशों के भागने के संभावित रास्तों की पड़ताल कर रही है। देर रात तक पुलिस की ओर से मुकदमा दर्ज करने और बदमाशों की तलाश के लिए दबिश देने की कार्रवाई जारी थी।

घटना के संबंध में क्षेत्राधिकारी मो. फहीम से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका फोन रिसीव नहीं हो सका। घटना के बाद व्यापारियों में दहशत का माहौल है और उन्होंने बदमाशों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।

---------------

   

सम्बंधित खबर