उबर ने यात्रियों और ड्राइवरों की सुरक्षा के लिए लॉन्च किए नए फीचर
- DSS Admin
- Jul 03, 2026
जयपुर, 03 जुलाई (हि.स.)। कैब सेवा प्रदाता उबर ने यात्रियों और ड्राइवरों की सुरक्षा को और मजबूत बनाने के लिए कई नए सुरक्षा फीचर लॉन्च किए हैं। इनमें उद्योग में पहली बार पेश किया गया 'रिकॉर्ड माय राइड' फीचर और 'एम्बुलेंस असिस्टेंस' प्रमुख हैं।
कंपनी के अनुसार 'रिकॉर्ड माय राइड' फीचर के तहत ड्राइवर ट्रिप के दौरान उबर ऐप के माध्यम से कैब के अंदर एन्क्रिप्टेड वीडियो रिकॉर्ड कर सकेंगे। यह रिकॉर्डिंग पूरी तरह सुरक्षित रहेगी और केवल सुरक्षा शिकायत दर्ज कराने की स्थिति में ही उपयोग की जा सकेगी।
वहीं मेडिकल लॉजिस्टिक्स प्रदाता डायल 4242 के साथ साझेदारी कर शुरू किए गए 'एम्बुलेंस असिस्टेंस' फीचर के जरिए दुर्घटना या आपात स्थिति में यात्रियों और ड्राइवरों को उबर की 24x7 सुरक्षा लाइन के माध्यम से तत्काल एम्बुलेंस सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
इसके अलावा कंपनी ने 'डोंट टाइप एंड ड्राइव' फीचर भी शुरू किया है, जिससे वाहन चलाते समय ड्राइवर ऐप पर टाइपिंग नहीं कर सकेंगे। वहीं 'सेट योर ओन पिन' फीचर के जरिए यात्री अपनी सुविधा के अनुसार ट्रिप वेरिफिकेशन पिन निर्धारित कर सकेंगे।
केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने सड़क सुरक्षा के प्रति उबर की पहल की सराहना करते हुए कहा कि तकनीक सुरक्षित सड़क व्यवहार और आपातकालीन सहायता को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
उबर इंडिया एवं दक्षिण एशिया के सेफ्टी ऑपरेशंस प्रमुख सूरज नायर ने कहा कि कंपनी का उद्देश्य सुरक्षा संबंधी नवाचारों को पूरे उद्योग का मानक बनाना है। उन्होंने कहा कि उबर लगातार ऐसे फीचर विकसित कर रहा है, जो यात्रियों और ड्राइवरों दोनों के लिए हर यात्रा को अधिक सुरक्षित और भरोसेमंद बनाएं।
कंपनी ने बताया कि उसके प्लेटफॉर्म पर पहले से ही राइडचेक, 24x7 सुरक्षा लाइन, महिला राइडर प्रेफरेंस, ऑडियो रिकॉर्डिंग, हेलमेट सेल्फी वेरिफिकेशन, सीटबेल्ट रिमाइंडर और फोन व एड्रेस गोपनीयता जैसे सुरक्षा फीचर उपलब्ध हैं। साथ ही उबर फॉर टीन्स और उबर फॉर सीनियर्स जैसी सेवाओं के माध्यम से भी सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा का अनुभव प्रदान किया जा रहा है।
---------------

