उज्जैन पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 1 किलो एमडी ड्रग्स मामले में आरोपी की मर्सिडीज जब्त, नेटवर्क की जांच जारी
- DSS Admin
- Jun 19, 2026
उज्जैन, 19 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश की उज्जैन पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एमडी (मेफेड्रोन) ड्रग्स तस्करी मामले में गिरफ्तार आरोपित की संपत्ति और नेटवर्क की जांच तेज कर दी है। पुलिस ने आरोपित के कब्जे से जब्त करीब 1 किलोग्राम एमडी ड्रग्स मामले में कार्रवाई करते हुए उसकी मर्सिडीज कार को भी जब्त किया है।
पुलिस के अनुसार आरोपित पंकज पुत्र श्यामराव चरडे (34), निवासी प्रभा सिटी, पवनगांव, नागपुर (महाराष्ट्र) को एमडी ड्रग्स के साथ गिरफ्तार किया गया था। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपित के संपर्कों, वित्तीय लेन-देन और अवैध गतिविधियों से जुड़े नेटवर्क की जांच शुरू की।
जांच के दौरान उज्जैन पुलिस की विशेष टीम नागपुर पहुंची, जहां आरोपित की कथित अवैध गतिविधियों और उससे अर्जित संपत्तियों की जानकारी जुटाई गई। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपित द्वारा अवैध कारोबार से अर्जित धन से खरीदी गई मर्सिडीज कार का उपयोग किया जा रहा था, जिसे पुलिस ने विधिवत जब्त कर लिया है।
प्रारंभिक जांच में पुलिस को आरोपित के हवाला कारोबार से जुड़े होने के संकेत भी मिले हैं। पूछताछ और जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी मादक पदार्थों की सप्लाई के संबंध में करण नामक व्यक्ति के संपर्क में था।
आगे की जांच में पुलिस ने करण के संपर्कों की पड़ताल की, जिसमें उसका संबंध सचिन पटेल पुत्र अंबालाल पटेल (36), निवासी कुक्कड़वाड़ा, मीरापुरा तहसील, विजापुर, जिला मेहसाणा (गुजरात) से जुड़ा होना सामने आया है।
उज्जैन पुलिस अब इन आरोपियों के बीच वित्तीय लेन-देन, मादक पदार्थों की सप्लाई चेन और नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में मिले साक्ष्यों के आधार पर आगे वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
मादक पदार्थ तस्करी और संगठित अपराधों के खिलाफ उज्जैन पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है।

