खटीमा में मुख्यमंत्री धामी ने चलाया स्वच्छता अभियान, पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने का किया आह्वान
- DSS Admin
- Jun 15, 2026

-‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत धामी ने पूर्णागिरि मंदिर परिसर में लगाया पौधा
खटीमा, 15 जून (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र माेदी के कार्यकाल के 12 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उधमसिंह नगर जिले के खटीमा स्थित पूर्णानंद गिरी मंदिर परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया। इस दौरान उन्होंने मंदिर परिसर में साफ-सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया और ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण भी किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से स्वच्छ और स्वस्थ उत्तराखंड के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सभी नागरिक अपने घर, मोहल्ले और आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता बनाए रखने का संकल्प लें। मुख्यमंत्री ने पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर बल देते हुए कहा कि अधिक से अधिक पौधे लगाकर प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण जैसे विषय तभी व्यापक जनआंदोलन का रूप ले सकते हैं, जब उनमें आमजन की सहभागिता सुनिश्चित हो। उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ वातावरण और हरित पर्यावरण उपलब्ध कराना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है तथा इसके लिए समाज के प्रत्येक वर्ग को आगे आना होगा।

