प्रदेश में अनुसूचित जाति व महिला अपराधों के खिलाफ कांग्रेस का धरना

देहरादून, 15 जून (हि.स.)। कांग्रेस ने प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की सरकार पर दस साल के कार्यकाल में अनुसूचित जाति, पिछड़ी जाति, अल्पसंख्यक व महिला वर्ग पर अत्याचारों करने का आरोप लगाते हुए धरना देकर उपवास रखा।

साेमवार काे प्रदेश कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग ने अनुसूचित जाति, पिछड़े वर्ग अल्पसंख्यक वर्ग व महिलाओं के खिलाफ लगातार बढ़ रहे अपराधों व हाल ही में टिहरी जनपद के प्रतापनार में देवल गांव में घटित दलित वर्ग के केतन लाल की निर्मम हत्या के खिलाफ घंटाघर आंबेडकर पार्क में धरना दिया। धरना स्थल पर आयोजित सभा में वरिष्ठ कांग्रेस उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने कहा कि जिस प्रकार से टिहरी जिले के प्रतापनगर विधानसभा में देवल गांव में केतन लाल नामक अनुसूचित जाति के युवा को प्रेम प्रसंग के मामले में युवती के पिता व रिश्तेदारों के कहने पर युवती ने फोन कर बुलवाया और फिर उसको और उसके दोस्त को बंदी बना कर अमानवीय प्रताड़नाएं दीं, जिसके कारण उसकी मौत हो गई। यह साबित करने के लिए काफी है कि राज्य में नफरत और हिंसा की खेती जो भाजपा सरकार के संरक्षण में उन्मादी व दंगाई किस्म के लोग कर रहे हैं।

धस्माना ने कहा कि अंकिता भंडारी प्रकरण से ले कर देहरादून के आईएसबीटी में नाबालिग दिव्यांग बच्ची के साथ दुराचार , संत्रेषा हरिद्वार में अनुसूचित जाति की नाबालिग लड़की के साथ बलात्कार व हत्या , राजधानी के व्यस्ततम पलटन बाजार में सुबह तड़के युवती का गला रेत कर हत्या जैसे जघन्य अपराधों ने उत्तराखंड को महिला अपराधों के मामले में देश के हिमालयी राज्यों में महिलाओं पर अपराध में पहले स्थान पर ला खड़ा किया है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस प्रदेश सरकार की दलित विरोधी व महिला विरोधी सोच के खिलाफ अपना संघर्ष जारी रखेगी।

धरने का नेतृत्व कर रहे प्रदेश कांग्रेस कमेटी अनुसूचित जाति विभाग अध्यक्ष मदन लाल ने कहा कि आज पूरे प्रदेश में अनुसूचित जाति वर्ग पिछड़े वर्ग व अल्पसंख्य वर्ग के लोगों के साथ अत्याचार की घटनाएं जिस प्रकार से बढ़ रही हैं उससे पूरे प्रदेश में यह वर्ग अपने आप को भाजपा राज में असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।

धरने में प्रदेश कांग्रेस महासचिव जगदीश धीमान, धर्मपाल घाघट,ललित भद्री, गगन छाछर, करण घाघट, नोहर सिंह, आनंद सिंह पुंडीर, संजय गौतम, अमीचंद सोनकर, आदर्श सूद, श्रीमती निशा ढिंगिया, सईद अहमद हिमांशु कटारिया, देवेंद्र सिंह , सुरेश कुमार, मनोज कोहली आदि बैठे।

   

सम्बंधित खबर