ऑपरेशन प्रहार : उत्तराखंड एसटीएफ ने पंजाब के वांछित अपराधी काे दबाेचा
- DSS Admin
- Jun 15, 2026
बाजपुर, 15 जून (हि. स.)। उत्तराखंड स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने ऑपरेशन प्रहार के तहत पंजाब के एक वांछित अपराधी को सोमवार को ऊधमसिंह नगर जिले के बाजपुर से गिरफ्तार किया है।
एसटीएफ ने आज यहां बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के 'अपराध मुक्त उत्तराखंड: अभियान और पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ के निर्देश पर बाहरी राज्यों के फरार अपराधियों और गैंगस्टरों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में उत्तराखंड एसटीएफ, पंजाब पुलिस और बाजपुर पुलिस के संयुक्त अभियान में केशवनगर, बाजपुर से पंजाब के वांछित अपराधी ईशानप्रीत सिंह को गिरफ्तार किया है। आरोपित के खिलाफ 23 मई 2026 को पंजाब के एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ), एसएएस नगर थाने में एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज है।
एसटीएफ के अनुसार 23 मई को अमृतसर में एएनटीएफ और बीएसएफ की संयुक्त कार्रवाई के दौरान घर पर पुलिस पहुंचने पर आरोपित फरार हो गया था। पुलिस ने उसके घर से 12 अवैध पिस्टल, 20 मैगजीन तथा करीब 900 ग्राम हेरोइन बरामद की थी। जांच में सामने आया कि बरामद हथियार और मादक पदार्थ पाकिस्तान सीमा पार से ड्रोन के जरिए पहुंचाए गए थे। इसके बाद पंजाब पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी।
एसटीएफ को सूचना मिली थी कि आरोपी उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर जिले में छिपा हुआ है। इस सूचना पर गठित संयुक्त टीम ने सोमवार तड़के बाजपुर में छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसटीएफ अजय सिंह ने कहा कि राज्य में शरण लेने वाले बाहरी राज्यों के अपराधियों और गैंगस्टरों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी, ताकि उत्तराखंड को अपराधियों के सुरक्षित ठिकाने के रूप में इस्तेमाल न किया जा सके। गिरफ्तार आरोपित को आवश्यक पूछताछ के बाद आगे की कार्रवाई के लिए पंजाब पुलिस को सौंप दिया गया है।

