कैंची मेले की तैयारियां तेज, सिटी मजिस्ट्रेट और एसपी सिटी ने यातायात और सुविधाओं का लिया जायजा

हल्द्वानी , 10 जून (हि.स.) । 15 जून को आयोजित होने वाले विश्व प्रसिद्ध कैंची धाम मेले को लेकर प्रशासन और पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। श्रद्धालुओं को सुगम यातायात और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सिटी मजिस्ट्रेट एपी बाजपेई और एसपी सिटी मनोज कत्याल ने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ स्थलीय निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी), सिंचाई विभाग, जल संस्थान और जल निगम के अधिकारी भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने सड़क चौड़ीकरण और मरम्मत कार्यों की प्रगति का जायजा लेते हुए संबंधित विभागों को निर्माण कार्य में तेजी लाने तथा मार्ग को जल्द पूरी तरह सुचारु करने के निर्देश दिए।प्रशासन ने मेले के दौरान यातायात व्यवस्था को सुगम बनाए रखने के लिए सड़क किनारे लगाए गए फड़-ठेलों और अस्थायी अतिक्रमण को तत्काल हटाने के निर्देश भी जारी किए।

अधिकारियों ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसलिए सभी व्यवस्थाओं को समय रहते दुरुस्त किया जा रहा है। प्रशासन का उद्देश्य है कि मेले में आने वाले हजारों श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े और यातायात व्यवस्था सुचारु रूप से संचालित हो सके।

   

सम्बंधित खबर