निर्जला एकादशी स्नान पर्व को लेकर हरिद्वार में विशेष यातायात व्यवस्था लागू,भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक
- DSS Admin
- Jun 23, 2026
हरिद्वार, 23 जून (हि.स.)। निर्जला एकादशी स्नान पर्व 25 जून को श्रद्धालुओं की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए हरिद्वार पुलिस ने व्यापक यातायात एवं पार्किंग योजना लागू की है। यातायात का दबाव बढ़ने की स्थिति में शहर की ओर आने वाले भारी वाहनों को सीमावर्ती क्षेत्रों में ही रोक दिया जाएगा तथा विभिन्न मार्गों पर चरणबद्ध डायवर्जन व्यवस्था लागू की जाएगी।
पुलिस के अनुसार दिल्ली, मेरठ,मुजफ्फरनगर,पंजाब,हरियाणा,देहरादून,ऋषिकेश और नजीबाबाद की ओर से आने वाले वाहनों के लिए अलग-अलग रूट निर्धारित किए गए हैं। यातायात दबाव बढ़ने पर नगला इमरती से वाहनों को डायवर्ट कर बैरागी कैंप पार्किंग भेजा जाएगा। वहीं चीला मार्ग का उपयोग केवल ऋषिकेश की ओर जाने वाले वाहनों के लिए एक्जिट रूट के रूप में किया जाएगा।
शहर क्षेत्र में भीड़ बढ़ने की स्थिति में गुरुकुल कांगड़ी सर्विस लेन,सिंहद्वार और शंकराचार्य चौक के माध्यम से वाहनों की आवाजाही नियंत्रित की जाएगी। 24 जून की रात 10 बजे से स्नान पर्व की समाप्ति तक हरिद्वार शहर में सभी भारी वाहनों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
बसों, ट्रैक्टरों और अन्य बड़े यात्री वाहनों के लिए अलग-अलग पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं। ऑटो और विक्रम चालकों के लिए भी विशेष यातायात योजना लागू रहेगी। ट्रैफिक दबाव बढ़ने पर देहरादून, ऋषिकेश और रायवाला की ओर से आने वाले ऑटो-रिक्शा केवल जयराम मोड़ तक ही संचालित किए जाएंगे।
इसके अतिरिक्त ललतारा पुल से शिवमूर्ति तक सभी प्रकार के वाहनों, टैक्सी, विक्रम और ऑटो-रिक्शा के आवागमन पर प्रतिबंध रहेगा। पुलिस प्रशासन ने श्रद्धालुओं से निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करने और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की है। भीड़ और परिस्थितियों के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर यातायात व्यवस्था में आवश्यक परिवर्तन किए जा सकते हैं।

