ऋषिकुल मैदान स्थित ऑफलाइन पंजीकरण केंद्र का डीएम ने निरीक्षण किया

हरिद्वार, 19 मई (हि.स.)।जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने मंगलवार को ऋषिकुल मैदान में बनाए गए चारधाम यात्रा के ऑफलाइन पंजीकरण केंद्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने पंजीकरण कराने पहुंचे तीर्थयात्रियों से बातचीत कर उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं की जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं के लिए पंजीकरण केंद्र पर सभी व्यवस्थाएं समुचित एवं चाक-चौबंद रखी जाएं। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी आवश्यक सुविधाएं हर समय उपलब्ध रहनी चाहिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि वर्तमान में चारधाम यात्रा अपने चरम पर है और मुख्यमंत्री के निर्देशन में तीर्थयात्रियों की सुविधा एवं सुरक्षा के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। उन्होंने बताया कि केंद्र पर पेयजल, शौचालय, स्वास्थ्य सेवाएं तथा जानकारी हेतु हेल्प डेस्क की समुचित व्यवस्था की गई है, जिससे श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना न करना पड़े।

उन्होंने उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की गुणवत्ता का भी आकलन किया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर अनुभव प्रदान करना प्रशासन की प्राथमिकता है।

इस अवसर पर जिला पर्यटन अधिकारी सुशील नौटियाल ने बताया कि अब तक ऑनलाइन माध्यम से 37,28,571 श्रद्धालु पंजीकरण करा चुके हैं, जबकि ऋषिकुल मैदान स्थित ऑफलाइन पंजीकरण केंद्र पर 1,94,172 श्रद्धालुओं का पंजीकरण किया जा चुका है।

---------------

   

सम्बंधित खबर