ख्यमंत्री सरकार नहीं, अपना गुट चला रहे हैं : जयराम ठाकुर

ऊना, 10 जून (हि.स.)। पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू पर निशाना साधते हुए कहा कि जब वह कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष थे, तब भी संगठन के बजाय केवल अपना गुट चलाते थे और मुख्यमंत्री बनने के बाद भी सरकार चलाने के बजाय उसी राजनीति को आगे बढ़ा रहे हैं।

बुधवार को ऊना में मीडिया से अनौपचारिक बातचीत के दौरान जयराम ठाकुर ने मुख्यमंत्री के उस बयान पर पलटवार किया, जिसमें भाजपा में बगावत की बात कही गई थी। उन्होंने कहा कि बगावत भाजपा में नहीं, बल्कि कांग्रेस के भीतर हुई है। पहले वरिष्ठ नेता कौल सिंह ठाकुर और मंत्री चंद्र कुमार ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोला और अब पूर्व सीपीएस नीरज भारती ने भी कांग्रेस सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाकर स्थिति स्पष्ट कर दी है।

नेता प्रतिपक्ष ने मुख्यमंत्री को सलाह देते हुए कहा कि उन्हें भाजपा की चिंता छोड़कर अपनी पार्टी और सरकार पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने दावा किया कि एकजुट भाजपा ने पूरे प्रदेश में कांग्रेस को करारी शिकस्त दी है और स्थानीय निकाय तथा पंचायतीराज चुनावों के परिणामों के बाद मुख्यमंत्री बौखलाहट में बयानबाजी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को अपनी हार स्वीकार करनी चाहिए और जीत के झूठे दावे बंद करने चाहिए।

जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार ने विकास कार्यों पर पूर्ण विराम लगा दिया है और प्रदेश में विकास की गति थम गई है। उन्होंने कहा कि सरकार जनहित के मुद्दों पर ध्यान देने के बजाय राजनीतिक प्रबंधन में व्यस्त है।

इससे पूर्व जयराम ठाकुर ने ऊना जिले के हरोली और टाहलीवाल में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा भारत के इतिहास में सबसे लंबे समय तक लगातार निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने के अवसर पर आयोजित हवन-यज्ञ और पूजा-अर्चना में उन्होंने सहभागिता की। टाहलीवाल स्थित राधा-कृष्ण मंदिर में उन्होंने राष्ट्र की सुख-समृद्धि और प्रगति के लिए प्रार्थना की तथा गौसेवा भी की। इसके बाद भाजपा जिला कार्यालय ऊना में आयोजित पंडित दीनदयाल उपाध्याय महाप्रशिक्षण अभियान में भाग लेकर कार्यकर्ताओं को एकात्म मानववाद और अंत्योदय के सिद्धांतों को आत्मसात करने का आह्वान किया।

---------------

   

सम्बंधित खबर