वन विभाग ऊना की बड़ी कार्रवाई, रात भर चले सर्च ऑपरेशन में अवैध लकड़ी से लदे 10 वाहन जब्त
- DSS Admin
- Jun 20, 2026
ऊना, 20 जून (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश वन विभाग ऊना ने वन माफियाओं के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध वन संपदा से लदे 10 वाहनों को जब्त किया है। शनिवार 20 जून को प्रतिबंधित और बिना अनुमति वाली अवैध लकड़ी की तस्करी के संबंध में विभाग को एक पुख्ता गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी। इस सूचना पर त्वरित संज्ञान लेते हुए डीएफओ ऊना विकल्प यादव के निर्देशानुसार अंब और भरवाईं रेंज में तुरंत विशेष टीमों का गठन किया गया। वन विभाग की इन मुस्तैद टीमों ने रात एक बजे से सुबह आठ बजे तक सर्च ऑपरेशन चलाया ओर अवैध लकड़ी से भरे 10 वाहनों को पकड़ने में सफलता हासिल की। इनमें से दो वाहनों को भरवाईं रेंज के स्टाफ ने पकड़ा, जो देहरा डिवीजन की ओर से आ रहे थे। वहीं अंब रेंज में कुल आठ वाहन पकड़े गए, जिनमें से सात वाहन ऊना डिवीजन और एक वाहन हमीरपुर डिवीजन से संबंधित था।
चेकिंग के दौरान किसी भी वाहन चालक के पास लकड़ी ले जाने का कोई वैध परमिट या अनुमति पत्र नहीं पाया गया। प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि इन सभी वाहनों में प्रतिबंधित चौड़ी पत्ती वाली प्रजातियों की लकड़ियां लदी हुई थीं। वन विभाग ने बिना परमिट के चल रहे इन सभी 10 वाहनों को अपने कब्जे में ले लिया है। इस गंभीर मामले में भारतीय वन अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत वन अपराध के मामले दर्ज कर लिए गए हैं। विभाग द्वारा अब इस मामले की गहन जांच की जा रही है ताकि यह सत्यापित किया जा सके कि यह अवैध वन संपदा निजी भूमि से काटी गई है या सरकारी वन भूमि से। लकड़ी के मुख्य स्रोत और इसमें शामिल अन्य लोगों का पता लगाने के लिए आगे की पूछताछ और कानूनी कार्रवाई जारी है।
डीएफओ ऊना विकल्प यादव ने कहा कि विभाग को अवैध लकड़ी की तस्करी की गुप्त सूचना मिली थी, जिसके आधार पर टीमों का गठन किया गया ओर इन टीमों ने बेहतर कार्य करते हुए अवैध वन संपदा से भरे 10 वाहनों को पकड़ने में सफलता हासिल की है। उन्होंने अवैध रूप में लकड़ी तस्करी का कार्य करने वालों चेतावनी दी है कि किसी भी तरह के अवैध कटान को बर्दाश्त नही किया जाएगा और भविष्य में भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी।
---------------

