धुंध ने रोकी ट्रेन की स्पीड, डेढ़ घंटा लेट पहुंची वंदे भारत
- Admin Admin
- Dec 19, 2025
ऊना, 19 दिसंबर (हि.स.)। उत्तर भारत में घने कोहरे और धुंध का असर रेल यातायात पर साफ नजर आ रहा है। हिमाचल प्रदेश के ऊना से चलने वाली ट्रेनें कोहरे के कारण प्रभावित रहीं, जिससे यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जानकारी के अनुसार शुक्रवार को वंदे भारत एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय से करीब डेढ़ घंटे की देरी से ऊना पहुंची। वहीं साबरमती एक्सप्रेस के लगभग 35 मिनट के देरी से पहुंचने की सूचना है।
इसके अलावा ऊना से दिल्ली जाने वाली जन शताब्दी एक्सप्रेस अपने गंतव्य पर करीब एक घंटे की देरी से पहुंची। जन शताब्दी का दिल्ली पहुंचने का समय दोपहर 11:45 पर है जबकि ये 12 बजकर 50 मिनट पर पहुंची। सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने से ट्रेनों की रफ्तार नियंत्रित रखनी पड़ी, जिससे समय सारिणी प्रभावित हुई। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कई सेक्शनों पर ट्रेनों को धीमी गति से चलाया गया।
ट्रेनों के लेट होने से खासतौर पर लंबी दूरी की यात्रा करने वाले लोगों को परेशानी हुई। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले ट्रेन की स्थिति की जानकारी अवश्य लें, क्योंकि आने वाले दिनों में भी मौसम के कारण रेल संचालन प्रभावित हो सकता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकास कौंडल



