सीजेपी के प्रदर्शन में हंगामा : पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके को जड़ा थप्पड़
- DSS Admin
- Jun 15, 2026

जयपुर, 15 जून (हि.स.)। नीट पेपर लीक, भर्ती परीक्षाओं में अनियमितताओं, शिक्षा व्यवस्था और बढ़ती बेरोजगारी के विरोध में सोमवार को शहीद स्मारक पर कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के बैनर तले आयोजित प्रदर्शन के दौरान जमकर हंगामा हो गया। प्रदर्शन में पहुंचे सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दीपके पर कुछ युवकों ने हमला कर थप्पड़ जड़ दिए, जिसके बाद समर्थकों और हमलावरों के बीच मारपीट हो गई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए राकेश गुर्जर, रोहित वैष्णव, अर्जुन पंडित, अजय सहित छह युवकों को हिरासत में लेकर विधायकपुरी थाने पहुंचाया।
दोपहर से ही शहीद स्मारक पर युवाओं, छात्रों, महिलाओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं की भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी। प्रदर्शनकारी हाथों में तिरंगा, संविधान की प्रतियां और ‘पेपर लीक बंद करो’ तथा ‘मुझे देश से प्यार है, भ्रष्टाचार अस्वीकार है’ जैसे संदेश लिखे पोस्टर लेकर पहुंचे। सीजेपी स्वयंसेवकों ने प्रवेश द्वार पर कॉकरोच का स्केच बनाकर तथा ‘धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दो’ के नारे लिखकर विरोध दर्ज कराया।
शाम करीब पांच बजे अभिजीत दीपके के शहीद स्मारक पहुंचने पर समर्थक उन्हें कंधों पर बैठाकर सभा स्थल की ओर ले जा रहे थे। इसी दौरान भीड़ में मौजूद कुछ युवकों ने उन पर थप्पड़ों से हमला कर दिया। घटना के बाद सीजेपी समर्थकों ने दो युवकों को पकड़ लिया और उनकी पिटाई कर दी। मौके पर मौजूद पुलिस, आरएसी और निर्भया स्क्वॉड के जवानों ने तत्काल हस्तक्षेप कर स्थिति को नियंत्रित किया।
हंगामे के दौरान प्रदर्शन की कवरेज कर रहे पत्रकारों और कैमरामैनों के साथ भी हाथापाई की गई। अफरा-तफरी के बीच कई प्रदर्शनकारियों के मोबाइल फोन चोरी होने की शिकायतें सामने आईं। इसके बाद मंच से बार-बार लोगों से अपने मोबाइल और सामान की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहने की अपील की गई।
घटना के बाद अभिजीत दीपके ने प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि देश को धर्म और जाति के नाम पर बांटने की राजनीति स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा, हिंदू-मुस्लिम की राजनीति नहीं चलेगी। यह लड़ाई शिक्षा व्यवस्था में सुधार और युवाओं के अधिकारों की है। दीपके ने 20 जून को दिल्ली में फिर प्रदर्शन करने की घोषणा करते हुए कहा कि इस बार बिना इस्तीफे के वापस नहीं लौटेंगे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।
सीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता आशुतोष रांका ने कहा कि यह किसी एक संगठन का आंदोलन नहीं, बल्कि देशभर के छात्रों, युवाओं और अभिभावकों की साझा आवाज है। उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में सुधार, पेपर लीक पर रोक और बढ़ती बेरोजगारी के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
उल्लेखनीय है कि पुलिस ने प्रारंभ में प्रदर्शन की अनुमति देने से इनकार किया था, लेकिन बाद में कुछ शर्तों के साथ अनुमति प्रदान की गई थी। प्रदर्शन में प्रदेशभर से बड़ी संख्या में युवा, विद्यार्थी, अभिभावक और सामाजिक कार्यकर्ता शामिल हुए।
---------------

