उत्तम नगर में विजय सेल्स शोरूम में भीषण आग, करोड़ों का सामान राख

नई दिल्ली, 01 जुलाई (हि.स.)। पश्चिमी दिल्ली के उत्तम नगर इलाके में बुधवार तड़के विजय सेल्स के चार मंजिला इलेक्ट्रॉनिक शोरूम में भीषण आग लगने से करोड़ों रुपये का इलेक्ट्रॉनिक सामान, होम अप्लायंसेस, फर्नीचर और अन्य सामग्री जलकर राख हो गई। राहत की बात यह रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। दमकल विभाग ने करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। क्राइम टीम और एफएसएल ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं।

दमकल के जनसंपर्क अधिकारी राजेंद्र अटवाल के अनुसार, बुधवार सुबह करीब 4.15 बजे सूचना मिली कि उत्तम नगर में मेट्रो पिलर संख्या-663 के पास स्थित विजय सेल्स के शोरूम में आग लग गई है। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की नौ गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। आग तेजी से फैलती देख इसे मेक-6 घोषित किया गया और अतिरिक्त दमकल वाहनों को बुलाया गया। स्थानीय पुलिस, पीसीआर और एंबुलेंस भी मौके पर पहुंच गईं।

करीब 350 गज में बने इस शोरूम में बेसमेंट, ग्राउंड फ्लोर और ऊपर तीन मंजिलें हैं। शोरूम का विस्तार करने के लिए साथ वाली इमारत की तीसरी और चौथी मंजिल को भी विजय सेल्स में शामिल किया गया था, जिसका रास्ता मुख्य इमारत से बनाया गया था। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि आग तीसरी मंजिल से शुरू हुई और देखते ही देखते पूरी इमारत को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि पूरे इलाके में धुएं का गुबार फैल गया।

दमकल कर्मियों ने समय रहते आग को आसपास की दुकानों और इमारतों तक फैलने से रोक लिया। विजय सेल्स के साथ स्थित बाटा के शोरूम तक आग नहीं पहुंचने दी गई, हालांकि उसके ऊपर की वे मंजिलें, जिन्हें विजय सेल्स उपयोग कर रहा था, पूरी तरह जल गईं। अधिकारियों के अनुसार, सुबह 5.55 बजे आग पर नियंत्रण पा लिया गया, जबकि करीब 6.30 बजे आग पूरी तरह बुझा दी गई। इसके बाद दोपहर तक कूलिंग और सर्च ऑपरेशन चलता रहा ताकि कहीं दोबारा आग न भड़क सके।

आग से शोरूम में रखा महंगा इलेक्ट्रॉनिक सामान, एयर कंडीशनर, रेफ्रिजरेटर, टीवी, वॉशिंग मशीन, फर्नीचर और अन्य सामग्री पूरी तरह नष्ट हो गई। नुकसान का आकलन किया जा रहा है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आग शॉर्ट सर्किट, तकनीकी खराबी या किसी अन्य कारण से लगी। एफएसएल और क्राइम टीम की रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

---------------

   

सम्बंधित खबर