उत्तरपाड़ा में टीएमसीपी कार्यालय पर चला बुलडोजर, भाजपा विधायक की मौजूदगी में हुई कार्रवाई

हुगली, 10 जून (हि. स.)। उत्तरपाड़ा शहर के प्रवेश द्वार बालीखाल इलाके में स्थित तृणमूल छात्र परिषद (टीएमसीपी) के एक कार्यालय को बुधवार को ध्वस्त कर दिया गया। आरोप है कि यह कार्यालय लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की जमीन पर अवैध रूप से बनाया गया था।

बुधवार दोपहर उत्तरपाड़ा के नवनिर्वाचित भाजपा विधायक दीपांजन चक्रवर्ती अचानक जेसीबी मशीन के साथ मौके पर पहुंचे। उनकी मौजूदगी में कथित अवैध निर्माण को हटाने की कार्रवाई शुरू की गई और कुछ ही समय में टीएमसीपी कार्यालय को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया। हालांकि छात्र संगठन के प्रतिनिधियों की उपस्थिति के बावजूद किसी प्रकार का विरोध-प्रदर्शन या तनाव की स्थिति नहीं बनी। प्रशासन की निगरानी में पूरी उच्छेद प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, लंबे समय से इस कार्यालय को लेकर शिकायतें मिल रही थी कि यह सरकारी जमीन पर अवैध रूप से बनाया गया है। बुधवार को हुई कार्रवाई के बाद इलाके में राजनीतिक चर्चा तेज हो गई है।

फिलहाल इस मामले को लेकर टीएमसीपी या तृणमूल कांग्रेस की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

---------------

   

सम्बंधित खबर