कार पार्किंग विवाद में बुजुर्ग सिक्योरिटी गार्ड से मारपीट का वीडियो हुआ वायरल
- DSS Admin
- Jul 02, 2026
जगदलपुर, 02 जुलाई (हि.स.)। बस्तर जिला मुख्यालय के धरमपुरा स्थित विशाल मेगा मार्ट में कार पार्किंग में तैनात एक बुजुर्ग सुरक्षा गार्ड के साथ एक युवक ने बेरहमी से मारपीट की। इस मारपीट का पूरा घटनाक्रम मेगा मार्ट में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
वायरल वीडियो में युवक पहले बुजुर्ग गार्ड को जमीन पर गिराता है, फिर उन्हें घसीटते हुए लगातार मारपीट करता दिखाई देता है। वहीं, गार्ड खुद को बचाने का प्रयास करते नजर आते हैं, लेकिन युवक का हमला जारी रहता है।
घटना के बाद पीडि़त गार्ड की बेटी ने आरोपित युवक के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि ड्यूटी कर रहे सुरक्षा कर्मी के साथ इस तरह की हिंसा बेहद निंदनीय है और दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। इस घटना ने सार्वजनिक स्थानों पर तैनात सुरक्षा कर्मियों की सुरक्षा और बढ़ती हिंसक घटनाओं को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस से आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की मांग की जा रही है।

