सिलीगुड़ी प्रशासनिक बैठक में तृणमूल के 14 विधायकों को आमंत्रण, मुख्यमंत्री की पहल चर्चा में

कोलकाता, 20 मई (हि.स.)। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी की पहल पर उत्तर बंगाल के आठ जिलों के तृणमूल कांग्रेस के 14 विधायकों को बुधवार को सिलीगुड़ी में आयोजित प्रशासनिक समीक्षा बैठक में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया है। इस कदम को राजनीतिक शिष्टाचार और लोकतांत्रिक परंपरा का महत्वपूर्ण उदाहरण माना जा रहा है।

मुख्यमंत्री कार्यालय के एक अधिकारी के अनुसार, उत्तर बंगाल के आठ जिलों में तृणमूल कांग्रेस ही एकमात्र विपक्षी दल है जिसके निर्वाचित विधायक मौजूद हैं। इसी कारण सभी 14 विधायकों को बैठक में भाग लेने का निमंत्रण भेजा गया है।

सूत्रों के मुताबिक, मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के विशेष आग्रह पर विपक्षी विधायकों को आमंत्रित किया गया। उनका मानना है कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में जनसेवा से जुड़े मुद्दों पर विपक्षी जनप्रतिनिधियों की भागीदारी और उनके सुझाव लेना स्वस्थ राजनीतिक परंपरा का हिस्सा है।

राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि शुभेंदु अधिकारी इस पहल के जरिए पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को भी परोक्ष संदेश देना चाहते हैं। वर्ष 2011 से 2026 तक के उनके कार्यकाल में किसी भी आधिकारिक सरकारी कार्यक्रम में विपक्षी विधायकों को आमंत्रित नहीं किया गया था।

जानकारों के अनुसार, पूर्व वामपंथी मुख्यमंत्रियों ज्योति बसु और बुद्धदेव भट्टाचार्य के समय विपक्षी विधायकों को सरकारी कार्यक्रमों में आमंत्रित करने की परंपरा रही थी। हालांकि तृणमूल कांग्रेस शासन के दौरान यह परंपरा पूरी तरह बंद हो गई थी, जिसे अब वर्तमान भाजपा सरकार ने फिर से शुरू किया है।

उत्तर बंगाल के आठ जिलों में तृणमूल कांग्रेस के कुल 14 विधायक हैं। इनमें कूचबिहार से एक, उत्तर दिनाजपुर से पांच, दक्षिण दिनाजपुर से दो और मालदा से छह विधायक शामिल हैं। वहीं दार्जिलिंग, कलिम्पोंग, जलपाईगुड़ी और अलीपुरद्वार जिलों में तृणमूल कांग्रेस का कोई विधायक नहीं है।

सूत्रों के अनुसार, सिलीगुड़ी में प्रशासनिक समीक्षा बैठक समाप्त होने के बाद मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी देर शाम कोलकाता लौट सकते हैं। इसके बाद वह सीमा सुरक्षा बल के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर बांग्लादेश सीमा पर शेष बिना घेराबंदी वाले क्षेत्रों में कांटेदार तार लगाने के लिए भूमि हस्तांतरण प्रक्रिया की समीक्षा कर सकते हैं।

----------------------

   

सम्बंधित खबर