डॉ. मुखर्जी के विचारों को जन-जन तक पहुंचाएंगे कार्यकर्ता : अनिल दीक्षित
- DSS Admin
- Jun 22, 2026
कानपुर, 22 जून (हि. स.)। डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी का संपूर्ण जीवन राष्ट्र की एकता, अखंडता और सांस्कृतिक राष्ट्रवाद के लिए समर्पित रहा तथा स्मरण अभियान के माध्यम से उनके विचारों और राष्ट्रसेवा के संदेश को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। यह बातें सोमवार को भाजपा कानपुर उत्तर के जिलाध्यक्ष अनिल दीक्षित ने कहीं।
भारतीय जनता पार्टी कानपुर उत्तर की संगठनात्मक बैठक सोमवार को नवीन मार्केट स्थित जिला कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक में 23 जून को डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस से लेकर 6 जुलाई को उनकी जयंती तक चलने वाले ‘डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्मरण अभियान’ की तैयारियों और कार्यक्रमों की समीक्षा की गई।
जिलाध्यक्ष अनिल दीक्षित ने कहा कि डॉ. मुखर्जी का बलिदान देश की अखंडता के प्रति उनकी अटूट प्रतिबद्धता का प्रतीक है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अभियान को व्यापक जनभागीदारी के साथ सफल बनाने का आह्वान किया।
बैठक में अभियान के तहत जिले के सभी बूथों और मंडलों में श्रद्धांजलि सभाएं, पुष्पांजलि कार्यक्रम, विचार गोष्ठियां, संगोष्ठियां, प्रदर्शनी, वृक्षारोपण, स्वच्छता अभियान और जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित करने की रूपरेखा तय की गई। इन कार्यक्रमों में युवाओं, प्रबुद्धजनों और समाज के विभिन्न वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
जिला मीडिया प्रभारी अनुराग शर्मा ने बताया कि अभियान के लिए जिला उपाध्यक्ष सत्यम गुप्ता को संयोजक बनाया गया है, जबकि जिला मंत्री पारस मदान, किरण तिवारी और शालिनी कटियार को सहसंयोजक की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
बैठक में जिला महामंत्री अवधेश सोनकर, अभिनव दीक्षित, प्रमोद विश्वकर्मा, जन्मेजय सिंह, सतेंद्र नाथ पांडेय, सीमा एमबीए, नवाब सिंह, विनोद पाल, मोनेन्द्र राजपूत, जीतू कश्यप, प्रशांत त्रिपाठी, पूनम कंवर, सुरेश गुप्ता, जिशान अहमद, श्याम कुमार समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

