हरियाणा लोकभवन में भव्य रूप से मनाया गया पश्चिम बंगाल स्थापना दिवस

हरियाणा लाेक भवन में पश्चिम बंगाल स्थापना दिवस कार्यक्रम में भाग लेते हरियाणा व पंजाब के राज्यपाल तथा हरियाणा के मुख्यमंत्री


-राज्यपाल प्रो.असीम कुमार घोष की अध्यक्षता में हुआ आयोजन

-पंजाब के राज्यपाल व हरियाणा के मुख्यमंत्री रहे मौजूद

चंडीगढ़, 20 जून । हरियाणा लोक भवन में आज पश्चिम बंगाल स्थापना दिवस बड़े उत्साह, गरिमा और सांस्कृतिक उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर हरियाणा के राज्यपाल प्रो.असीम कुमार घोष, फर्स्ट लेडी मित्रा घोष, पंजाब के राज्यपाल एवं चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, उनकी धर्मपत्नी सुमन सैनी तथा हरियाणा विधानसभा के अध्यक्ष हरविंद्र सिंह कल्याण एवं उनकी धर्मपत्नी रेशमा कल्याण, कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

समारोह को संबोधित करते हुए हरियाणा के राज्यपाल प्रो.असीम कुमार घोष ने सभी उपस्थित जनों को पश्चिम बंगाल स्थापना दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

राज्यपाल ने कहा कि बंगाल ने भारत के पुनर्जागरण में केवल भाग ही नहीं लिया, बल्कि उसका नेतृत्व भी किया। समाज सुधार, शिक्षा, साहित्य, कला, विज्ञान और स्वतंत्रता संग्राम के क्षेत्र में पश्चिम बंगाल का योगदान अतुलनीय रहा है। उन्होंने कहा कि इस भूमि ने ऐसे महान व्यक्तित्व दिए, जिन्होंने न केवल भारत बल्कि पूरे विश्व को नई दिशा प्रदान की।

राज्यपाल प्रो असीम कुमार घोष ने कहा कि पश्चिम बंगाल अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, साहित्य, संगीत, कला, हस्तशिल्प और लोक परंपराओं के लिए विश्वभर में प्रसिद्ध है। इससे पहले समारोह को संबोधित करते हुए पंजाब के राज्यपाल एवं चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने पश्चिम बंगाल स्थापना दिवस के अवसर पर सभी को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पश्चिम बंगाल दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह केवल एक उत्सव का अवसर नहीं है, बल्कि उस महान भूमि को नमन करने का दिन है जिसने भारत को सोचना सिखाया, जागना सिखाया और अन्याय के विरुद्ध संघर्ष करना सिखाया।

समारोह के दौरान पश्चिम बंगाल की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित करते हुए रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। मिष्टी अड्डा के कलाकारों एवं पंडित सुभाष घोष की टीम ने पारंपरिक लोकनृत्य, संगीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से पश्चिम बंगाल की गौरवशाली संस्कृति की झलक पेश की, जिसकी उपस्थित अतिथियों ने सराहना की।

---------------

   

सम्बंधित खबर