महिला किसान चैती बाई ने बेंचा 57 क्विंटल धान, शासन का जताया आभार
- Admin Admin
- Nov 17, 2025
धमतरी, 17 नवंबर (हि.स.)। प्रदेश में खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 की धान खरीद शुरू होते ही पूरे छत्तीसगढ़ में किसानों के चेहरों पर संतोष और विश्वास की चमक दिखाई दे रही है। धमतरी जिले के संबलपुर गांव की महिला किसान चैती बाई साहू, जिनकी कहानी सरकार की किसान हितैषी नीतियों की तस्वीर प्रस्तुत करती है।
चैती बाई के पति वर्षों से धान विक्रय का कार्य देखते रहे हैं, किंतु इस बार स्वास्थ्य खराब होने के कारण वे स्वयं धान बेचने केंद्र पहुंचीं। निर्धारित तिथि के अनुसार कटे टोकन पर वे अपने 57 क्विंटल धान के साथ खरीदी केंद्र पहुंचीं। पहली बार बड़ी जिम्मेदारी उठाने के बावजूद उनके चेहरे पर आत्मविश्वास था। उन्होंने बताया कि केंद्र की सुव्यवस्थित प्रक्रिया ने उनके कार्य को बेहद सहज बना दिया। केंद्र में बारदाना, हमाल, डिजिटल तौल मशीन, पेयजल, शौचालय, बिजली और प्रशिक्षित ऑपरेटर जैसी सभी सुविधाएँ उपलब्ध थीं, जिससे पूरी प्रक्रिया बिना कठिनाई के संपन्न हुई। धान विक्रय के बाद मिलने वाली राशि से चैती बाई अपने पति का बेहतर इलाज करना चाहती हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की सरकार द्वारा 3100 रुपये प्रति क्विंटल समर्थन मूल्य और प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान खरीद का निर्णय किसानों के लिए बड़ी राहत है। इससे खेती लाभकारी हुई है और उनके जैसे परिवारों की आर्थिक स्थिति सुदृढ़ हो रही है। बढ़ा हुआ समर्थन मूल्य उनके परिवार के लिए नई उम्मीद लेकर आया है। इससे आर्थिक स्थिरता और जीवन स्तर में सुधार महसूस किया जा रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा



