ससुराल आया युवक संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी पर लटका मिला, जांच में जुटी पुलिस
- DSS Admin
- Jun 12, 2026
उरई, 12 जून (हि.स.)। कालपी क्षेत्र में उस समय सनसनी फैल गई जब शुक्रवार को एक 25 वर्षीय युवक का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला। घटना रायड़ दिवारा और कालपी के बीच स्थित मार्ग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान धर्मेंद्र पुत्र कालीचरण, उम्र लगभग 25 वर्ष के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि धर्मेंद्र की शादी करीब दो वर्ष पूर्व हरवन निषाद पुत्र मातादीन की पुत्री ग्याश्री के साथ हुई थी। घटना से पहले वह अपनी ससुराल रायड़ दिवारा आया हुआ था। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्राधिकारी कालपी ने भी मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की।
कालपी कोतवाली प्रभारी अजय ब्रह्म तिवारी का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। प्रथम दृष्टया यह आत्महत्या का मामला प्रतीत हो रहा है, लेकिन वास्तविक कारण जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
---------------

