भागलपुर, 19 मई (हि.स.)। जिले के नाथनगर रेलवे स्टेशन के पश्चिमी केबिन के समीप मंगलवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहाँ मुंगेर जाने के लिए ट्रेन पकड़ने जा रहे एक युवक तेज रफ्तार मालगाड़ी की चपेट में आ गया।
ट्रेन के धक्के से युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गया है। स्थानीय लोगों की मदद से आनन-फानन में घायल को एंबुलेंस से अस्पताल भेजा गया, जहां उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। बताया जा रहा है कि सुल्तानगंज की ओर से एक मालगाड़ी बेहद तेज रफ्तार में भागलपुर की तरफ जा रही थी। इसी दौरान नाथनगर पश्चिमी केबिन के पास ट्रैक पार करने या ट्रेन पकड़ने की जल्दीबाजी में एक युवक अचानक उसकी चपेट में आ गया।
मालगाड़ी का धक्का लगते ही युवक दूर जा गिरा, जिससे घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। ट्रेन की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक के सिर में गंभीर चोटें आई हैं और उसका दाहिना हाथ भी टूट गया है। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय समाजसेवियों और राहगीरों ने तत्परता दिखाते हुए 102 एम्बुलेंस को कॉल किया। घायल को तुरंत नाथनगर रेफरल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए भागलपुर के मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही घायल युवक के परिजन अस्पताल पहुंचे। घायल युवक की पहचान मोहम्मद आरजू के रूप में हुई है। अस्पताल में बदहवास हालत में मिले युवक के पिता मोहम्मद नौशाद ने रोते हुए बताया कि उनकी सास (आरजू की नानी) का मुंगेर में देहांत हो गया था। पूरा परिवार उन्हीं के जनाजे और अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए मुंगेर जा रहा था। परिवार के सभी लोग नाथनगर स्टेशन पर मौजूद थे और उन्होंने यात्रा के लिए टिकट भी खरीद लिया था। मोहम्मद नौशाद ने बताया कि वे लोग ट्रेन का इंतजार कर रहे थे, तभी अचानक पश्चिमी केबिन के पास लोगों की भारी भीड़ जुट गई और शोर होने लगा। जब वे अनहोनी की आशंका के बीच भीड़ की तरफ दौड़कर पहुंचे, तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। उन्होंने देखा कि उनका बेटा मोहम्मद आरजू लहूलुहान हालत में एम्बुलेंस के भीतर था और उसे अस्पताल ले जाया जा रहा था। इस हादसे के बाद मुंगेर जा रहे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
---------------

