युवाओं को मिलेगी निशुल्क प्रतियोगी परीक्षा कोचिंग

धमतरी, 03 जुलाई (हि.स.)। जिले के प्रतिभाशाली युवाओं के सपनों को अब संसाधनों की कमी नहीं रोक पाएगी। जिला प्रशासन धमतरी ने सराहनीय कदम उठाते हुए बाबू छोटेलाल श्रीवास्तव शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में पहल कार्यक्रम के तहत शुक्रवार को प्रतियोगी परीक्षाओं की निशुल्क कोचिंग कक्षाओं का शुभारंभ किया है। इस विशेष अवसर पर युवाओं के मार्गदर्शन के लिए युवा नामक पुस्तक का विमोचन भी किया गया।

कार्यक्रम का उद्घाटन करते हुए कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने इसे युवाओं के भविष्य निर्माण के लिए एक दूरदर्शी और सार्थक कदम बताया। युवाओं को प्रेरित करते हुए उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का मुख्य उद्देश्य उन होनहार युवाओं को आगे बढ़ने के समान अवसर देना है, जो आर्थिक तंगी के कारण महंगी कोचिंग का खर्च नहीं उठा पाते। इस निश्शुल्क कोचिंग के जरिए विद्यार्थियों का बेसिक फाउंडेशन मजबूत होगा, जिससे वे हर प्रतियोगी परीक्षा में सफलता का परचम लहरा सकेंगे। कलेक्टर ने बढ़ते प्रतियोगी के इस दौर में सफलता के लिए नियमित अध्ययन, कड़े अनुशासन और सही मार्गदर्शन को सबसे जरूरी चाबी बताया और छात्र-छात्राओं से पूरी लगन के साथ मेहनत करने की अपील की।

प्रशासन की इस मुहिम के अंतर्गत केवल कोचिंग ही नहीं, बल्कि छात्रों की पूरी तैयारी को व्यवस्थित और परिणामोन्मुख बनाने के लिए युवा प्रोजेक्ट तैयार किया गया है। इसके तहत विद्यार्थियों को उच्च गुणवत्ता वाली अध्ययन सामग्री और पुस्तकें उपलब्ध कराई जाएंगी। साथ ही तैयारी के स्तर को जांचने के लिए नियमित टेस्ट सीरीज आयोजित होगी और छात्रों के प्रदर्शन की निरंतर मानिटरिंग यानि समीक्षा की जाएगी, ताकि उनकी कमियों को सुधारा जा सके। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ गजेंद्र सिंह ठाकुर, बीसीएस कालेज के प्राचार्य विनोद पाठक, उप संचालक पंचायत नकुल वर्मा, सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विमल साहू, सहायक संचालक कौशल विकास शैलेंद्र गुप्ता, युवाओं को प्रशिक्षित करने वाले जिले के युवा अविनाश कुमार सहित महाविद्यालय के प्राध्यापक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।

   

सम्बंधित खबर