अनूपपुर: जेसीबी की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, दो अन्य घायल

घटना स्थल पर मृतक का शव

अनूपपुर, 19 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के थाना कोतमा क्षेत्र अंतर्गत खोडरी नं. एक से जर्रा टोला मार्ग पर रविवार-सोमवार की रात सड़क हादसे में एक युवक की मौके पर ही मृत्यु हो गई, जबकि दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त जेसीबी मशीन को जब्त कर अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

जानकारी के अनुसार रविवार-सोमवार की रात खोडरी नं. एक से जर्रा टोला मार्ग पर तेज रफ्तार एवं लापरवाहीपूर्वक चल रहे जेसीबी चालक ने दो पहिया वाहन को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि दो पहिया वाहन में सवार 31 वर्षीय संदीप पांडेय निवासी खोडरी नं. एक की मौके पर ही मृत्यु हो गई। पीछे बैठे राजेश गौतम निवासी जर्रा टोला एवं प्रवीण जायसवाल निवासी खोडरी नं. एक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनका उपचार जारी है। वहीं दुर्घटना के बाद जेसीबी चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। जब्त जेसीबी छत्तीसगढ़ निवासी मणिशंकर साहू, केवटी थाना केलहारी की बताई जा रही है।

सूचना मिलते ही थाना प्रभारी रत्नांबर शुक्ल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम उपरांत परिजनों को सौंप कर अज्ञात चालक के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 106(1), 281 एवं 125(ए) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। दुर्घटना में प्रयुक्त जेसीबी को जब्त कर थाना परिसर में खड़ा करा दिया है।

थाना प्रभारी रत्नांबर शुक्ल ने बताया कि दुर्घटना में प्रयुक्त जेसीबी मशीन को जब्त कर लिया गया है तथा आरोपी चालक की गिरफ्तारी के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है।

   

सम्बंधित खबर