नारायणगढ़ चौक के पास हादसा:तेज रफ्तार बस ने रिक्शा चालक को पीछे से मारी टक्कर, मौत; चालक हिरासत में

भास्कर न्यूज | अमृतसर छेहर्टा में शनिवार शाम तेज रफ्तार प्राइवेट बस की टक्कर से एक रिक्शा चालक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया है। मामले में परिजनों के बयान दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। मृतक की पहचान भूपिंदर सिंह (50), निवासी गुरु की वडाली के रूप में हुई है। हादसे की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच गए। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मृतक की पत्नी ने बताया कि भूपिंदर सिंह घर से काम पर निकले थे, लेकिन रास्ते में सड़क हादसे का शिकार हो गए। उन्होंने बताया कि परिवार की आजीविका का एकमात्र सहारा वही थे। उनके पीछे पत्नी और दो बच्चे हैं। थाना छेहर्टा के एसएचओ बलविंदर सिंह ने बताया कि हादसा शनिवार शाम करीब 7 बजे नारायणगढ़ चौक रोड पर पानी वाली टंकी के सामने हुआ। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि प्राइवेट बस इंडिया गेट की ओर जा रही थी। इसी दौरान बस चालक ने पीछे से रिक्शा को टक्कर मार दी, जिससे चालक की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने दुर्घटना के तुरंत बाद बस को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया। परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।

   

सम्बंधित खबर