अमृतसर के मजीठा में बिजली कटौती से भड़के ग्रामीण:भेदभाव का आरोप लगा देर रात घेरा बिजली घर, बड़ा आंदोलन करने की दी चेतावनी
- DSS Admin
- Jun 28, 2026
अमृतसर के मजीठा हलके में लगातार बिजली कटौती से ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। बिजली की समस्या से परेशान होकर गांवों के लोग देर रात एकजुट होकर बिजली घर पहुंच गए और अधिकारियों के खिलाफ अपना रोष जताया। ग्रामीणों का आरोप है कि उनके विरोध के बाद ही बिजली आपूर्ति दोबारा शुरू की गई। ग्रामीणों का कहना है कि मजीठा क्षेत्र के गांवों में लंबे समय तक बिजली गुल रहती है, जबकि पास के जंडियाला इलाके में नियमित रूप से बिजली मिल रही है। लोगों का आरोप है कि उनके क्षेत्र के साथ भेदभाव किया जा रहा है, जिससे किसानों और आम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। गांव बाबोवाल के एक किसान ने बताया कि वे खेती-किसानी से जुड़े हुए हैं और बिजली की कमी के कारण उनका काम पूरी तरह प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि रात करीब 11 बजे मजबूरी में सभी ग्रामीण बिजली घर पहुंचे, क्योंकि कई घंटों से बिजली नहीं थी। उनका यह भी कहना है कि इससे पहले भी दोपहर करीब 4 बजे ग्रामीण बिजली घर पहुंचे थे, जिसके बाद कुछ समय के लिए बिजली चालू कर दी गई थी, लेकिन फिर वही समस्या दोबारा सामने आ गई। ग्रामीणों ने प्रशासन और बिजली विभाग से मांग की है कि मजीठा क्षेत्र में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए और गांवों के साथ किसी तरह का भेदभाव न किया जाए। उनका कहना है कि यदि जल्द इस समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में बड़ा आंदोलन करने के लिए वे मजबूर होंगे।

