अमृतसर के जंडियाला गुरु में घर पर फायरिंग:तीन से चार फायर गेट पर किए; लगातार बढ़ रही आपराधिक वारदातों से लोगों में दहशत
- DSS Admin
- Jun 15, 2026
अमृतसर के जंडियाला गुरु इलाके में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं ने स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी है। ताजा मामले में बीती देर रात जंडियाला गुरु की वैरोवाल रोड पर स्थित एक घर को अज्ञात मोटरसाइकिल सवारों ने निशाना बनाते हुए अंधाधुंध फायरिंग कर दी। घर के मालिक कुलवंत सिंह के अनुसार, वह अपने परिवार के साथ घर में सो रहे थे कि रात करीब 12 बजे के बाद अचानक गोलियों की आवाजें सुनाई दीं। जब उन्होंने बाहर आकर देखा तो हमलावर मौके से फरार हो चुके थे। पीड़ित परिवार का कहना है कि उनकी किसी के साथ कोई निजी रंजिश नहीं है, इसके बावजूद उनके घर को निशाना बनाया गया। घटना की सूचना मिलते ही जंडियाला गुरु पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। थाना प्रभारी हरपाल सिंह सोही ने घटनास्थल का जायजा लिया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। गौरतलब है कि पिछले कुछ समय से जंडियाला गुरु और आसपास के क्षेत्रों में आपराधिक घटनाओं में लगातार बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। कुछ सप्ताह पहले गांव तलवंडी मालेवाल के एक शिक्षक की दिनदहाड़े हत्या कर दी गई थी, जबकि दो दिन पहले गांव जबोवाल के एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। स्थानीय लोगों का आरोप है कि इलाके में फिरौती मांगने के लिए लगातार फोन कॉल आ रहे हैं और रकम न देने वालों के घरों तथा दुकानों पर फायरिंग की घटनाएं सामने आ रही हैं। इतना ही नहीं, नगर परिषद चुनावों के दौरान कई उम्मीदवारों और मतदाताओं के परिवारों को भी विदेशी नंबरों से धमकी भरे फोन आने की बातें सामने आई थीं। इन घटनाओं के चलते जंडियाला गुरु के लोगों में डर और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है तथा लोग प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

