पर्चे रद्द के विरोध में बरनाला कल रहेगा बंद:भाजपा, कांग्रेस, अकाली दल और व्यापार मंडल ने खोला मोर्चा
- DSS Admin
- May 19, 2026
बरनाला शहर कल पूरी तरह बंद रहेगा। वार्ड नंबर 31 में भाजपा और एक निर्दलीय प्रत्याशी के नामांकन पत्र रद्द होने के विरोध में यह फैसला लिया गया है। इस बंद को सभी राजनीतिक दलों, व्यापार मंडलों और सामाजिक संगठनों का समर्थन प्राप्त है। इस बंद का आधिकारिक ऐलान व्यापार मंडल के प्रधान अनिल बंसल नाना ने किया। उन्होंने कहा कि यह बंद कथित सरकारी कार्रवाई के विरोध में जनता की प्रतिक्रिया है। महापंचायत में बोलते हुए अनिल बंसल नाना ने 26 मई को होने वाले नगर निगम चुनाव को लेकर चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि सरकार को यह गलतफहमी नहीं होनी चाहिए कि उसकी कथित अनुचित कार्रवाई चुनाव में सफल होगी। उन्होंने बताया कि एक वार्ड में नामांकन रद्द किए गए हैं, जबकि अन्य वार्डों में भी उम्मीदवारों को अनावश्यक रूप से परेशान किया जा रहा है। इस लोकतांत्रिक मुद्दे पर विपक्षी दलों ने एकजुटता दिखाई है। कांग्रेस, शिरोमणि अकाली दल, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), व्यापार मंडल, व्यापार महासंघ और शहर के कई सामाजिक संगठनों ने बरनाला बंद को अपना खुला समर्थन दिया है। दिग्गज नेताओं ने संभाला मोर्चा मंच पर एकजुटता की तस्वीर: अग्रवाल धर्मशाला में जुटी भारी भीड़ के बीच राज्य और स्थानीय स्तर के कई बड़े चेहरे मौजूद रहे। इनमें पूर्व केंद्रीय कैबिनेट मंत्री व भाजपा नेता विजय सांपला, बरनाला के विधायक कुलदीप सिंह काला ढिल्लों, गुरदीप सिंह बाठ, महेश कुमार लोटा, मक्खन शर्मा, प्रेम प्रीतम जिंदल और गुरदर्शन सरपंच जैसे दिग्गज नेताओं ने शामिल होकर इस संघर्ष को तेज करने का संकल्प लिया। यह पूरा विवाद वार्ड नंबर 31 से भाजपा प्रत्याशी रजनी रानी और आजाद प्रत्याशी स्वीटी के नॉमिनेशन पेपर (नामांकन पत्र) रद्द होने के बाद शुरू हुआ। जनता और नेताओं का आरोप है कि प्रशासन ने पहले कागज स्वीकार किए और फिर देर रात दबाव में आकर उन्हें रद्द कर दिया। इसी राजनीतिक हेरफेर और रोष के चलते अब समूचे बरनाला शहर ने कल पूरी तरह से कामकाज ठप रखने (पूर्ण बंद) का फैसला किया है।

