फरीदकोट में चोरी-लूटपाट गिरोह के 5 सदस्य गिरफ्तार:तेजधार हथियार और चोरी किए 6 पतीले बरामद, कई वारदातें कबूलीं
- DSS Admin
- May 19, 2026
फरीदकोट थाना सिटी-2 पुलिस ने चोरी और लूटपाट की वारदातों को अंजाम देने वाले एक सक्रिय गिरोह के 5 सदस्यों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सरबजीत सिंह उर्फ बब्बलू, राहुल उर्फ काला, सोनू सिंह, खुशदीप सिंह उर्फ लवली और गुरजीत सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से तेजधार हथियारों के साथ चोरी किए गए 6 पतीले भी बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक एसएसपी डॉ प्रज्ञा जैन के दिशा निर्देश पर असामाजिक तत्वों के खिलाफ अभियान के तहत थाना सिटी-2 में तैनात एएसआई गुरजीत सिंह अपनी टीम के साथ गश्त और संदिग्ध व्यक्तियों की जांच कर रहे थे। सूचना मिलते ही पुलिस ने दी दबिश इसी दौरान उन्हें सूचना मिली कि कुछ व्यक्ति हथियारों के बल पर राहगीरों से लूटपाट की वारदातों को अंजाम देते हैं और किसी नई वारदात की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने जहाज ग्राउंड फरीदकोट के पास दबिश देकर पांचों आरोपियों को काबू कर लिया। तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से एक कृपाण, एक कुल्हाड़ी, एक टोका और दो लकड़ी के डंडे बरामद किए गए। इसके अलावा मौके से चोरी किए गए 6 पतीले भी बरामद हुए। पूछताछ में सामने आया कि यह सामान 17-18 मई की रात अमर आश्रम से चोरी किया गया था। वहीं दो आरोपियों सरबजीत सिंह उर्फ बब्बलू और राहुल उर्फ काला ने 16 मई की रात डोगर बस्ती स्थित एक घर में चोरी की वारदात को भी अंजाम दिया था। कोर्ट से रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी-डीएसपी इस मामले में डीएसपी तरलोचन सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ पहले से चोरी, संगठित अपराध और अन्य गंभीर धाराओं के तहत कुल 6 मामले दर्ज हैं। आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड लिया जा रहा है, ताकि उनसे आगे पूछताछ कर अन्य वारदातों का भी खुलासा किया जा सके। उन्होंने बताया कि आरोपियों तक पहुंचने में पीसीआर टीमों और विभिन्न स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों से मिले सुरागों ने अहम भूमिका निभाई।

